Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

लखनऊः नगर निगम ने कई क्षेत्रों में सघन अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया ! कई स्थानों से हटाए गए अवैध कब्जे


लखनऊ। शहर में बढ़ते अवैध अतिक्रमण और उससे उत्पन्न हो रही यातायात समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम लखनऊ ने सोमवार को कई क्षेत्रों में सघन अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य प्रमुख सड़कों, नालियों, सार्वजनिक स्थलों और फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कर नागरिकों को सुगम एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना है।इसी क्रम में जोन-7 में जोनल अधिकारी  रामेश्वर प्रसाद के नेतृत्व में सोमवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अभियान के तहत नालियों, नालों और सड़कों की दोनों पट्टियों पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया। टीम ने लेखराज मेट्रो स्टेशन से नीलगिरी तक तथा आजाद मार्केट के आसपास के क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए अस्थायी अतिक्रमण को हटवाया।कार्रवाई के दौरान नगर निगम की टीम ने अवैध रूप से रखे गए 2 ठेलिया, 2 लोहे के काउंटर, 1 तराजू और 1 प्लास्टिक की मेज को जब्त किया। इसके अलावा मौके से 4 ठेलिया, 5 काउंटर, 3 गुमटी और 5 अन्य ठेलों को हटाया गया। यह कार्रवाई कर अधीक्षक विनय मौर्य, ईटीएफ टीम और 296 टीम की उपस्थिति में संपन्न की गई।वहीं दूसरी ओर जोन-8 में भी अवैध अतिक्रमण के खिलाफ वृहद अभियान चलाया गया। जोनल अधिकारी विकास सिंह के नेतृत्व में 296 टीम के साथ न्यू गुडोरा क्षेत्र के आसपास कार्रवाई करते हुए लोगों द्वारा सड़क किनारे लगाए गए ठेले, गुमटियां और अन्य अस्थायी ढांचों को हटाया गया।इस दौरान टीम ने 1 लोहे की बेंच, 1 लोहे का स्टूल, 18 प्लास्टिक स्टूल, 2 प्लास्टिक कुर्सियां, 1 इलेक्ट्रॉनिक कांटा, 5 गैस सिलेंडर, 2 भट्टी और 1 काउंटर सहित अन्य सामान जब्त किया। साथ ही संबंधित लोगों को चेतावनी दी गई कि भविष्य में उक्त स्थानों पर पुनःअतिक्रमण न करें।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |