ईरान में जंग के बीच अफगानिस्तान ने पाकिस्तान पर किया बड़ा झटका! नूर खान एयरबेस पर किया ड्रोन अटैक
March 02, 2026
मिडिल ईस्ट जंग की आग में जल रहा है तो वहीं अफगानिस्तान-पाकिस्तान के बीच भी हालात बिगड़ते जा रहे हैं। अफगानिस्तान ने पाकिस्तान पर बहुत बड़े हमले का दावा किया है। अफगानिस्तान की डिफेंस मिनिस्ट्री के मुताबिक अफगानिस्तान ने पाकिस्तान पर कई जगहों पर एयरस्ट्राइक की है। अफगानिस्तान ने पाकिस्तान के रावलपिंडी में नूर खान एयरबेस को निशाना बनाया है। आपको बता दें कि ये वही एयरबेस है जो ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत ने तबाह कर दिया था।
सामने आई जानकारी के मुताबिक, पाकिस्तान के बलूचिस्तान के क्वेटा में सेना के 12TH डिविजन हेडक्वार्टर को भी निशाना बनाया गया है। साथ ही अफगानिस्तान ने खैबर पख्तूनख्वा में भी स्ट्राइक का दावा किया है। अफगानिस्तान का कहना है कि पाकिस्तान की ओर से काबुल, बगराम और दूसरी जगहों पर किए गए हमले के जवाब में ये एयरस्ट्राइक की गई है।
अफगानिस्तान की डिफेंस मिनिस्ट्री की तरफ से बकायदा ड्रोन हमले की तस्वीरें भी जारी की गई हैं जिसमें नूर खान एयरबेस पर ड्रोन अटैक नजर आ रहा है। पास में ही फाइटर प्लेन खड़े नजर आ रहे हैं। साथ ही अफगानिस्तान ने क्वेटा, खैबर पख्तूनख्वा की तस्वीर शेयर की हैं। पाकिस्तान के अटैक के बाद अफगानिस्तान चून-चून कर पाकिस्तानियों को टारगेट कर रहा है। अफगानी सेना ने डूरंड लाइन पर बने पाकिस्तानी चेक प्वाइंट्स को आग के हवाले कर दिया। अफगान फोर्सेस ने पाकिस्तानी मिलिशिया को नुकसान पहुंचाया है।
अफगानिस्तान की कुनार बॉर्डर ब्रिग्रेड ने पाकिस्तानी पोस्ट पर तोप और गोले बरसाए हैं। छठी बॉर्डर बटालियन के अटैक में पाकिस्तानी फौज को काफी नुकसान का दावा किया जा रहा है। अफगानिस्तान की तरफ से दावा किया जा रहा है कि उनकी फोर्सेस ने पाकिस्तान की सीमा के पार तोर्खम इलाके में पाकिस्तानी समर्थित मिलिशिया के चेकपॉइंट और गाड़ियों को जला दिया है। अफगानिस्तानी फौज अब आगे की तरफ बढ़ रही है।
