आगरा। पावन पर्व होली के शुभ अवसर पर आज आगरा के शहीद स्मारक पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मा० मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की गरिमामयी उपस्थिति में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत “गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी वितरण” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की मौजूदगी में बड़ी संख्या में लाभार्थियों को योजना का लाभ प्रदान किया गया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि यह जनकल्याणकारी पहल प्रदेश की मातृशक्ति को सशक्त बनाने तथा उनके जीवन को सरल, सुरक्षित और सम्मानजनक बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। उज्ज्वला योजना के माध्यम से महिलाओं को धुएं से मुक्ति मिली है और रसोई व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव आया है।
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री एस. पी. सिंह बघेल, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी, मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह सहित विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार गरीब, महिला एवं वंचित वर्ग के उत्थान के लिए सतत कार्य कर रही है। उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने भी योजना की सराहना करते हुए इसे महिलाओं के जीवन स्तर में सुधार लाने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया।
