Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

प्रतापगढः दो दिवसीय वृहद रोजगार मेले में 780 अभ्यर्थी हुए चयनित


प्रतापगढ़। जिले में जिला सेवायोजन कार्यालय द्वारा राजकीय आईटीआई परिसर में आयोजित दो दिवसीय वृहद रोजगार मेले के प्रथम दिवस युवाओं की भारी भीड़ देखने को मिली। दिनभर चली साक्षात्कार एवं चयन प्रक्रिया के बाद कुल 780 अभ्यर्थियों का विभिन्न निजी कंपनियों में चयन किया गया। इससे जिले के युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार प्राप्त करने का महत्वपूर्ण अवसर मिला। रोजगार मेले में 36 प्रतिष्ठित कंपनियों एवं नियोजकों ने प्रतिभाग कर युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसर प्रदान किए। इस अवसर पर बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मेले के लिए 1000 से अधिक अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन एवं ऑफलाइन माध्यम से पंजीकरण कराया था, जिनमें से बड़ी संख्या में अभ्यर्थी साक्षात्कार प्रक्रिया में शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान सदर विधायक राजेन्द्र कुमार मौर्य, जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी तथा भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव ने चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित कर उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने युवाओं को मेहनत, लगन और ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक राजेन्द्र कुमार मौर्य ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। रोजगार मेले जैसे आयोजन युवाओं को सीधे कंपनियों से जोड़ने का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि वे अपने कार्यस्थल पर पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करें और अपने परिवार व जिले का नाम रोशन करें। भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव ने भी चयनित युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे रोजगार मेले युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर प्रदान करते हैं और उन्हें अपने कौशल के अनुरूप कार्य करने का अवसर मिलता है।

इस अवसर पर सहायक निदेशक सेवायोजन प्रयागराज राजीव कुमार यादव ने रोजगार मेले के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि यह वृहद रोजगार मेला दो दिनों तक आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि रोजगार मेले के द्वितीय दिवस 10 मार्च को भी 20 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियां भाग लेंगी, जिससे बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार मिलने की संभावना है। उन्होंने इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील की कि वे समय से पहुंचकर इस अवसर का लाभ उठाएं।

कार्यक्रम के दौरान सेवायोजन कार्यालय द्वारा करियर काउंसलिंग के क्षेत्र में सराहनीय योगदान देने वाले डॉ. ज्योति सिंह, डॉ. मनीष मिश्रा, अभिषेक श्रीवास्तव, अजीत सिंह तथा आदर्श श्रीवास्तव को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत 5 लाभार्थियों को टूलकिट का वितरण भी किया गया, जिससे उन्हें स्वरोजगार को बढ़ावा देने में सहायता मिलेगी। जिला सेवायोजन कार्यालय द्वारा समय-समय पर इस प्रकार के रोजगार मेलों का आयोजन कर युवाओं को रोजगार से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। विभाग ने युवाओं से अपील की है कि वे सेवायोजन पोर्टल एवं रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीकरण कर अधिक से अधिक रोजगार अवसरों का लाभ उठाएं।

इस अवसर पर जिला सेवायोजन अधिकारी अनुभव त्रिपाठी, सहायक श्रमायुक्त सुविज्ञ सिंह, आईटीआई प्रधानाचार्य आलोक कुमार सहित सेवायोजन कार्यालय के कर्मचारी शुभम श्रीवास्तव, अभिषेक पांडेय, विभांकर सिंह, संतलाल पाल, सुनील गुप्ता, अशोक एवं शिवकुमारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन धर्मेन्द्र ओझा द्वारा किया गया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |