Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

उल्टी, बेचैनी और चक्कर! यूपी के कई जिलों में कुट्टू से बना फलाहार खाने से अपर जिलाधिकारी समेत करीब 50 बीमार


उत्तर प्रदेश के बागपत और बिजनौर जिलों में एक अपर जिलाधिकारी समेत करीब 50 लोग कुट्टू के आटा से बना फलाहार खाने से बीमार पड़ गये। नवरात्र के दौरान बागपत जिले में कुट्टू के आटे से बना भोजन खाने के बाद अपर जिलाधिकारी (ADM-न्यायिक) शिव नारायण सिंह समेत डेढ़ दर्जन से अधिक लोग बीमार हो गए। सभी को इलाज के लिए जिला संयुक्त अस्पताल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) बड़ौत में भर्ती कराया गया है।

अधिकारियों के अनुसार, गुरुवार की शाम शिव नारायण सिंह, उनके सहायक कर्मचारी सतीश कश्यप एवं अन्य लोगों ने कुट्टू के आटे से बने व्यंजन का सेवन किया था। इसके कुछ ही देर बाद उन्हें उल्टी, बेचैनी और अन्य दिक्कतें महसूस होने लगीं। स्थिति बिगड़ने पर सभी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

इस घटना में कासिमपुर खेड़ी गांव के एक ही परिवार के 9 सदस्य, मलकपुर गांव के छह लोग तथा बावली गांव के दो लोग भी शामिल हैं, जो जहरीला भोजन खाने से प्रभावित हुए और उन्‍हें उपचार की जरूरत पड़ी। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जांच शुरू कर दी है।
खाद्य सुरक्षा विभाग के उपायुक्त डी पी सिंह ने बताया कि संबंधित कुट्टू के आटे के स्रोत का पता लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिस दुकानदार द्वारा यह आटा बेचा गया है, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही संदिग्ध दुकानों से नमूने लेकर जांच की जाएगी।

उन्होंने कहा कि बाजार में कुट्टू के मिलावटी आटे की बिक्री किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। फिलहाल सभी मरीजों की हालत स्थिर बताई जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे केवल विश्वसनीय और पैक्ड खाद्य सामग्री का ही उपयोग करें। उधर, बिजनौर जिले में नवरात्र के पहले दिन बृहस्पतिवार को कुट्टू का आटा से बना भोजन खाने से करीब 30 लोग उल्टी, दस्त का शिकार हो गए।

मुख्‍य चिकित्‍सा अधिकारी (CMO) डॉक्टर कौशलेन्द्र सिंह ने बताया कि मंडावली और नजीबाबाद के सिकरोड़ा, लाहक कला, मोहनपुर और खैरुल्लापुर में लगभग 30 लोग कुटटू के आटे से बना भोजन खाने के कारण उल्टी, दस्त से पीड़ित हो गये। उन्‍होंने बताया कि अधिकतर को समीपुर अस्पताल नजीबाबाद भर्ती कराया गया। कुछ मरीजों ने निजी अस्पतालों मे भी उपचार कराया। अब स्थिति नियंत्रण में है। खाद्य विभाग कुट्टू आटा बेचने वाली नजीबाबाद की दुकान से नमूने लेकर जांच कराकर नियमानुसार कार्रवाई करेगा।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |