रोहिणी में पुलिस और बदमाशों के बीच जोरदार मुठभेड़! 2 शूटर गिरफ्तार
March 10, 2026
दिल्ली पुलिस ने सोमवार रात देर गोलीबारी के बाद बवाना में एक कारोबारी की हत्या के मामले में 2 मोस्ट वांटेड शूटरों को गिरफ्तार कर लिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों आरोपी बदमाश मुठभेड़ में घायल हो गए और अब पुलिस हिरासत में हैं। पुलिस द्वारा मंगलवार को दी गई जानकारी के मुताबिक, बवाना इंडस्ट्रियल एरिया में एक कारोबारी की हत्या के बाद ये दोनों आरोपी पिछले करीब एक महीने से फरार चल रहे थे। उन्होंने बताया कि घटना के बाद से ही आरोपियों की तलाश लगातार जारी थी।
पुलिस को इसी बीच खास सूचना मिली कि आरोपी रोहिणी इलाके में घूम रहे हैं। इसके आधार पर आउटर नॉर्थ जिले की पुलिस टीम ने आरोपियों को पकड़ने के लिए रोहिणी में जाल बिछाया। जब पुलिस ने 2 संदिग्धों को बाइक पर सवार देखा और उन्हें रोकने की कोशिश की, तो बदमाशों ने पुलिस पर गोलीबारी शुरू कर दी। बदमाशों द्वारा की जा रही गोलीबारी के जवाब में पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों तरफ से कुल 11 राउंड गोलियां चलीं। मुठभेड़ में दोनों आरोपियों को पैरों में गोली लगी और वे घायल होकर गिर गए। पुलिस ने उन्हें काबू कर लिया और अस्पताल पहुंचाया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद इरफान और ऐश्वर्य पांडे के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से एक पिस्टल, जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि इस हत्याकांड के तार विदेश में बैठे गैंगस्टर रणदीप मलिक और अनिल पंडित से जुड़े हो सकते हैं। हत्या की जिम्मेदारी पहले सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए ली गई थी। पुलिस का मानना है कि यह मामला किसी बड़ी साजिश का हिस्सा हो सकता है। दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस इस हत्याकांड के पीछे की पूरी साजिश का पता लगाने में जुटी हुई है और आगे की जांच चल रही है।
