पीलीभीतः आरटीई के तहत द्वितीय चरण की लॉटरी निकली, 243 बच्चों को कॉन्वेंट स्कूलों में मिला प्रवेश! 599 आवेदनों में से 274 सही पाए गए, 325 आवेदन जांच में निरस्त
March 09, 2026
पीलीभीत। निशुल्क एवं अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार अधिनियम-2009 (आरटीई) के तहत अलाभित समूह एवं दुर्बल वर्ग के बच्चों को कक्षा एक तथा पूर्व प्राथमिक कक्षाओं में प्रवेश दिलाने के लिए सोमवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में द्वितीय चरण की लॉटरी प्रक्रिया संपन्न कराई गई।जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रोशनी सिंह की उपस्थिति में शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए लॉटरी निकाली गई, जिसमें लॉटरी पद्धति के माध्यम से 243 बच्चों को जिले के विभिन्न कॉन्वेंट स्कूलों में प्रवेश दिया गया। इस चरण में जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से अभिभावकों द्वारा कुल 599 आवेदन पोर्टल पर किए गए थे।जांच के दौरान 274 आवेदन सही पाए गए, जिन्हें लॉटरी प्रक्रिया में शामिल किया गया। वहीं 325 आवेदन जांच के दौरान निरस्त कर दिए गए। निरस्त किए जाने का मुख्य कारण यह रहा कि कई अभिभावकों ने आवेदन अपने क्षेत्र से अलग वार्ड या अन्य ग्राम पंचायत के विद्यालयों के लिए कर दिए थे।लॉटरी प्रक्रिया में चयनित 243 बच्चों को शैक्षिक सत्र 2026-27 में संबंधित विद्यालयों में प्रवेश दिया जाएगा, जबकि 31 बच्चों को विद्यालयों में सीटें खाली न होने के कारण प्रवेश नहीं मिल सकेगा।लखनऊ स्थित राज्य परियोजना कार्यालय के निर्देशानुसार आरटीई के तहत आवेदन की प्रक्रिया तीन चरणों में निर्धारित की गई है। प्रथम चरण की आवेदन तिथि 2 फरवरी से 16 फरवरी 2026, द्वितीय चरण 21 फरवरी से 7 मार्च 2026 तथा तृतीय चरण 12 मार्च से 25 मार्च 2026 तक तय की गई है।द्वितीय चरण के आवेदनों की लॉटरी सोमवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रोशनी सिंह, जिला समन्वयक राकेश पटेल तथा पवन अग्रवाल की मौजूदगी में निकाली गई।जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रोशनी सिंह ने बताया कि अगले चरण की लॉटरी निर्धारित रोस्टर के अनुसार निकाली जाएगी और जो आवेदन पात्र पाए जाएंगे उन्हें शैक्षिक सत्र 2026-27 में विद्यालयों में प्रवेश दिया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि प्रथम चरण में 1001 छात्र-छात्राओं को स्कूल आवंटित किए जा चुके हैं और उनकी सूची संबंधित खंड शिक्षा अधिकारियों व आवंटित विद्यालयों को भेज दी गई है। बीएसए ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि चयनित बच्चों को विद्यालयों में प्रवेश दिलाने की कार्रवाई शीघ्र पूर्ण कराई जाए, ताकि उन्हें समय से शिक्षा का लाभ मिल सके।
.jpg)