Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

रामपुरः जनपद के 2.35 लाख कृषकों के खातों में 47.15 करोड़ रुपये हस्तांतरित! पीएम किसान सम्मान निधि की 22वीं किश्त का विकास भवन सभागार में हुआ सजीव प्रसारण


रामपुर। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किश्त जारी किए जाने के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण गुवाहाटी (असम) से किया गया। जनपद स्तर पर कार्यक्रम का आयोजन विकास भवन सभागार में किया गया, जिसमें मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चन्द्र, उप निदेशक कृषि राम किशन सिंह, जिला कृषि अधिकारी कुलदीप सिंह राणा सहित अन्य अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में कृषकों ने सजीव प्रसारण को देखा तथा मा० प्रधानमंत्री जी के उद्बोधन को सुना।

कार्यक्रम के दौरान  प्रधानमंत्री  द्वारा रिमोट बटन दबाकर प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत किसानों को 22वीं किश्त की सम्मान राशि का हस्तांतरण किया गया।

जनपद में 22वीं किश्त के माध्यम से 2.35 लाख कृषकों को लगभग 47.15 करोड़ रुपये की धनराशि डीबीटी के माध्यम से सीधे उनके बैंक खातों में 02-02 हजार रुपये की दर से भेजी गई।

उप निदेशक कृषि ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत पात्र कृषकों को प्रति वर्ष 02-02 हजार रुपये की तीन किश्तों के रूप में कुल 6000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2019 से अब तक इस योजना के अंतर्गत जनपद के किसानों को कुल 1041.94 करोड़ रुपये की धनराशि डीबीटी के माध्यम से भेजी जा चुकी है।

उन्होंने कृषकों को फार्मर रजिस्ट्री योजना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में कुल 2,09,828 कृषकों के सापेक्ष 2,07,050 कृषकों की फार्मर रजिस्ट्री की जा चुकी है, जो लगभग 99 प्रतिशत है। इस उपलब्धि के साथ जनपद प्रदेश में प्रथम स्थान पर है।

जिला कृषि अधिकारी ने कृषकों को पीएम कुसुम योजना, बीज अनुदान, कृषि यंत्र अनुदान, मृदा स्वास्थ्य कार्ड सहित अन्य कृषि संबंधी योजनाओं की जानकारी प्रदान की।

इस अवसर पर जनपद से आए किसानों ने कार्यक्रम को उत्साहपूर्वक देखा तथा सरकार द्वारा किसानों के हित में संचालित योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने किसानों को बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के माध्यम से पात्र किसानों के खातों में प्रतिवर्ष आर्थिक सहायता सीधे हस्तांतरित की जाती है, जिससे किसानों को खेती-बाड़ी में सहयोग मिलता है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |