बलिया। आगामी 14 मार्च को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में अधिकारियों की बैठक कर लंबित मामलों के अधिक से अधिक निस्तारण पर जोर दिया गया।
उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार तथा जनपद न्यायाधीशध्अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बलिया अनिल कुमार झा के आदेश पर बुधवार को एडीआर भवन, दीवानी न्यायालय बलिया में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव संजय कुमार गोंड ने की।
बैठक में 14 मार्च को होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक लंबित मामलों के निस्तारण को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। सचिव संजय कुमार गोंड ने सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिया कि अपने-अपने क्षेत्राधिकार से संबंधित राजस्व वादों का सुलह-समझौते के आधार पर अधिक से अधिक निस्तारण सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में आम जनता को जागरूक करना भी जरूरी है। इसके लिए स्थानीय स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि लोग अपने मामलों का निस्तारण सुलह-समझौते के माध्यम से करा सकें।
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि इस राष्ट्रीय लोक अदालत में लगभग 15 हजार वादों को निस्तारण के लिए चिन्हित किया गया है। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सिकन्दरपुर सुनील कुमार, डिप्टी कलेक्टरध्तहसीलदार बैरिया धर्मेन्द्र कुमार तथा नायब तहसीलदार बांसडीह रजनीश कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
