Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

हाथरसः रोजगार मेले में 1181 अभ्यर्थियों का 26 कम्पनियों द्वारा किया गया चयन

हाथरस।  राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, उ0प्र0 कौशल विकास मिशन  एवं जिला सेवायोजन कार्यालय के संयुक्त तत्वाधान में सेठ फूलचंद बागला पी0जी0 कॉलेज हाथरस में आयोजित वृहद रोजगार मेले में मा0 विधायक सदर श्रीमती अंजुला सिंह माहौर, मा0 विधायक सादाबाद प्रदीप कुमार, जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह, जिलाधिकारी अतुल वत्स, पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा तथा मुख्य विकास अधिकारी पी0एन0 दीक्षित ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर एवं फीता काटकर रोजगार मेले का उद्घाटन किया तथा चयनित अभ्यर्थियों को ऑफर लेटर प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

आयोजित वृहद रोजगार मेले के अवसर पर मा0 विधायक सदर श्रीमती अंजुला सिंह माहौर ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपस्थित सभी कंपनियों के प्रतिनिधियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि किसी भी परिवार में एक सदस्य को रोजगार मिलने से पूरे परिवार की दिशा और दशा बदल जाती है तथा आने वाली पीढ़ियां भी इससे लाभान्वित होती हैं। उन्होंने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षा वह सशक्त माध्यम है, जिसके बल पर व्यक्ति अपने सपनों को साकार कर सकता है। यदि युवा पूरी निष्ठा, लगन और समर्पण के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ें, तो वे किसी भी मुकाम को हासिल कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से गरीब एवं किसान परिवारों से आने वाले बच्चों के लिए रोजगार एक बड़ा अवसर होता है, जो न केवल उन्हें आत्मनिर्भर बनाता है बल्कि उनके पूरे परिवार को उन्नति एवं प्रगति के मार्ग पर अग्रसर करता है। ऐसे युवा समाज में अच्छे नागरिक के रूप में अपनी पहचान बनाते हैं और एक सशक्त एवं शिक्षित समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि आज का दिन उनके लिए किसी त्योहार से कम नहीं है। उनके घरों में खुशियों का माहौल होगा और परिवार के सदस्य इस उपलब्धि पर गौरवान्वित होंगे। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपनी जिम्मेदारियों को समझते हुए अपने परिवार की उन्नति एवं प्रगति में योगदान दें। उन्होंने कंपनियों के प्रतिनिधियों से अनुरोध किया कि वे भविष्य में भी ऐसे रोजगार मेलों में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करें, जिससे जनपद के युवाओं को निरंतर रोजगार के अवसर प्राप्त होते रहें। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार द्वारा इस प्रकार के आयोजनों के माध्यम से युवाओं को सीधे रोजगार से जोड़ने का सराहनीय प्रयास किया जा रहा है, जिसमें घर-घर सूचना पहुंचाकर अधिकाधिक अभ्यर्थियों को जोड़ने का कार्य किया गया है। सभी चयनित युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे अपने कार्य के साथ-साथ शिक्षा को भी जारी रखें और जीवन में निरंतर आगे बढ़ते रहें।

मा० विधायक सादाबाद प्रदीप कुमार ने कहा कि वर्तमान में अनुकूल वातावरण के साथ-साथ सरकार द्वारा युवाओं के लिए रोजगार के निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे उनके भीतर ऊर्जा और उत्साह का संचार होना स्वाभाविक है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे इस अवसर का भरपूर लाभ उठाएं और अपने उत्साह को सकारात्मक दिशा में उपयोग करें। उन्होंने कहा कि आज जिन पदों पर जनप्रतिनिधि खड़े हैं, भविष्य में इन्हीं युवाओं में से कोई यहां पहुंचकर समाज का मार्गदर्शन करेगा। उन्होंने कहा कि जिन युवाओं का चयन इस बार नहीं हो पाया है, वे निराश न हों, बल्कि अपनी कमियों का आत्ममंथन कर उन्हें दूर करने का प्रयास करें। निरंतर अभ्यास, परिश्रम और आत्मविश्वास के बल पर वे निश्चित रूप से आगामी अवसरों में सफलता प्राप्त करेंगे। युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में निजी क्षेत्र (प्राइवेट सेक्टर) भी रोजगार के बेहतरीन अवसर प्रदान कर रहा है। कई बड़ी कंपनियां आकर्षक वेतन एवं बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध करा रही हैं, जिससे युवाओं को अपने करियर को नई दिशा देने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे सरकारी नौकरी के साथ-साथ निजी क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों को भी समान महत्व दें और अपने कौशल के अनुसार सही दिशा का चयन करें।

मा0 जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह ने कहा कि रोजगार युवाओं के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण आवश्यकता है। जब अभिभावक अपने बच्चों को शिक्षा दिलाते हैं और उन्हें समय पर रोजगार नहीं मिलता, तो यह एक बड़ी चुनौती बन जाती है। ऐसे में इस प्रकार के रोजगार मेले युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि आज लगभग 26 कंपनियों द्वारा युवाओं का चयन किया गया है, जो सराहनीय पहल है। चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

जिलाधिकारी अतुल वत्स ने मंच पर उपस्थित मा0 जनप्रतिनिधिगण एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया और चयनित अभ्यर्थियों को बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। जिलाधिकारी ने कहा कि रोजगार मेले के माध्यम से युवाओं को निजी कंपनियों में रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त हो रहे हैं। उन्होंने युवाओं से अपेक्षा की कि वे जिस संस्थान में चयनित हुए हैं, वहां पूरी लगन, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ कार्य करें, ताकि भविष्य में भी कंपनियां हाथरस आकर अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करें। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के रोजगार मेलों के माध्यम से जिले में औद्योगिक एवं रोजगारपरक वातावरण सुदृढ़ हो रहा है। यदि यहां कार्यरत युवा उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे तो कंपनियों का विश्वास और बढ़ेगा, जिससे भविष्य में और अधिक अवसर सृजित होंगे। महिला सशक्तिकरण पर विशेष बल देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि आज चयनित हुई बेटियां इसका सशक्त उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि वास्तविक सशक्तिकरण तभी संभव है, जब महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनें। रोजगार मिलने से उनके खातों में आय आएगी, जिससे वे अपने आर्थिक निर्णय स्वयं लेने में सक्षम होंगी तथा अपने परिवार के विकास में योगदान दे सकेंगी। उन्होंने चयनित बेटियों को रोजगार प्रदान करने वाली कंपनियों का विशेष धन्यवाद भी ज्ञापित किया। जिलाधिकारी ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि वे केवल रोजगार पाने तक सीमित न रहें, बल्कि भविष्य में रोजगार देने वाले बनने की दिशा में भी आगे बढ़ें। उन्होंने उद्यमिता (एंटरप्रेन्योरशिप) को अपनाने और नए अवसर सृजित करने का आह्वान किया। 

जिला सेवायोजन अधिकारी ने अवगत कराया कि रोजगार मेले में 26 नियोक्ता कम्पनियों द्वारा प्रतिभाग किया गया। रोजगार मेले में लगभग 1402 अभ्यर्थियों द्वारा प्रतिभाग किया गया। नियोक्ता कम्पनियो द्वारा 1181 अभ्यर्थियों को चयनित किया गया। 

कार्यक्रम के दौरान मुख्य विकास अधिकारी, परीयोजना निदेशक, उप जिलाधिकारी सदर, प्रधानाचार्य पी0सी0 बागला डिग्री कॉलेज, प्रधानाचार्य आईटीआई, सहायक निदेशक सेवा योजना अलीगढ़, जिला सेवा योजना अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी आदि अपस्थित रहे।


Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |