लखनऊ। वित्तीय वर्ष 2025-26 के समाप्त होने में मात्र 20 दिन शेष रहने के कारण नगर निगम लखनऊ ने गृहकर वसूली में तेजी लाने के निर्देश जारी किए हैं। इस क्रम में नगर निगम के सभी जोनल कार्यालयों और कैश काउंटरों को आगामी सार्वजनिक अवकाश 11 मार्च 2026 को भी पूर्व की भांति खुला रखने के निर्देश दिए गए हैं। इस दिन भी गृहकर जमा कराने, कर निर्धारण, फीडिंग तथा अन्य संबंधित कार्य नियमित रूप से किए जाएंगे।
नगर निगम द्वारा जारी निर्देशों में कहा गया है कि जोनल कार्यालयों के अधिकारी और कर्मचारी बकायेदार भवनस्वामियों से संपर्क कर अधिक से अधिक गृहकर जमा कराना सुनिश्चित करें। साथ ही विभिन्न वार्डों में विशेष कैम्प आयोजित कर नागरिकों को मौके पर ही कर निर्धारण और गृहकर जमा कराने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
इसके अलावा इन कैम्पों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के भी निर्देश दिए गए हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठाकर समय से अपना गृहकर जमा कर सकें।
.jpg)