पीलीभीत। आरक्षी भर्ती-2025 के अंतर्गत पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय, मुरादाबाद से संबद्ध रिजर्व पुलिस लाइन जनपद में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे 392 रिक्रूट आरक्षियों की अंतिम बाह्य विषयक परीक्षा के रूप में “10 किलोमीटर क्रॉस कंट्री दौड़” का आयोजन रविवार प्रातः 06रू00 बजे किया गया। यह परीक्षा रिक्रूट आरक्षियों के प्रशिक्षण का महत्वपूर्ण चरण मानी जाती है, जिसमें उनकी शारीरिक क्षमता, सहनशक्ति, मानसिक दृढ़ता तथा अनुशासन की व्यापक परख की जाती है।दौड़ का शुभारंभ पुलिस लाइन परिसर से विधिवत रूप से किया गया। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम दहिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने हरी झण्डी दिखाकर दौड़ को रवाना किया तथा सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा में शारीरिक दक्षता के साथ-साथ आत्मअनुशासन और टीम भावना का विशेष महत्व है। उन्होंने रिक्रूट आरक्षियों को निर्धारित समय सीमा में दौड़ पूर्ण करने, संयम बनाए रखने तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना के साथ प्रतिभाग करने के निर्देश दिए।यह क्रॉस कंट्री दौड़ पुलिस लाइन से प्रारंभ होकर बनकटी रोड होते हुए खटीमा रोड स्थित राधा स्वामी सत्संग स्थल तक संपन्न कराई गई। लगभग 10 किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर सुरक्षा की दृष्टि से पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक डायवर्जन एवं नियंत्रण व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई, जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
दौड़ के दौरान चिकित्सा टीम एम्बुलेंस सहित मौजूद रही और प्रतिभागियों के स्वास्थ्य की सतत निगरानी की गई। किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए समुचित व्यवस्थाएं पूर्व से ही सुनिश्चित की गई थीं। प्रशिक्षण स्टाफ एवं अधिकारी पूरे समय मार्ग पर तैनात रहे और प्रतिभागियों की प्रगति पर नजर बनाए रखी।
कार्यक्रम का आयोजन पूर्ण अनुशासन और पारदर्शिता के साथ संपन्न हुआ। सभी रिक्रूट आरक्षियों ने उत्साह, ऊर्जा और प्रतिबद्धता का परिचय देते हुए दौड़ में भाग लिया। यह परीक्षा उनके प्रशिक्षण काल का अंतिम महत्वपूर्ण चरण है, जिसके उपरांत वे आगे की औपचारिकताओं को पूर्ण कर पुलिस विभाग में अपनी सेवाएं देने के लिए तैयार होंगे।पुलिस प्रशासन की ओर से इस सफल आयोजन को प्रशिक्षण व्यवस्था की गुणवत्ता एवं संगठनात्मक क्षमता का प्रमाण बताया गया।
