लखनऊ । शहरवासियों की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा शुक्रवार, 06 मार्च 2026 को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम प्रत्येक माह के प्रथम शुक्रवार को आयोजित किए जाने की परंपरा के अंतर्गत नगर निगम मुख्यालय, लालबाग स्थित त्रिलोकनाथ सभागार में प्रातः 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित होगा।संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता महापौर द्वारा की जाएगी। कार्यक्रम के दौरान नगर निगम के विभिन्न विभागों से जुड़े अधिकारी मौके पर उपस्थित रहकर नागरिकों की समस्याओं की सुनवाई करेंगे और यथासंभव तत्काल निस्तारण सुनिश्चित करेंगे।इस समाधान दिवस में मुख्य रूप से गृहकर, जलकर, कर निर्धारण (ळप्ै सर्वेक्षण के उपरांत आपत्तियाँ), सफाई व्यवस्था, कूड़ा उठान, सड़क एवं गली मरम्मत, सीवर व ड्रेनेज, स्ट्रीट लाइट, अतिक्रमण, जल आपूर्ति सहित अन्य नगर निगम से संबंधित समस्याओं की सुनवाई की जाएगी।
नगर निगम द्वारा स्पष्ट किया गया है कि गृहकर एवं जलकर से संबंधित आपत्तियों पर जोनवार सुनवाई की जाएगी और आवश्यक दस्तावेजों के आधार पर मौके पर ही समाधान प्रदान करने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए सभी जोनों के जोनल अधिकारी, कर निर्धारण अधिकारी, संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहेंगे।इस अवसर पर नगर आयुक्त, अपर नगर आयुक्त, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी, सभी जोनल अधिकारी, संबंधित विभागों के अधिकारी,पार्षदगण एवं बड़ी संख्या में नागरिकों के उपस्थित रहेंगे।महापौर ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि “संपूर्ण समाधान दिवस नगर निगम और नागरिकों के बीच संवाद का एक सशक्त माध्यम है। आमजन अपनी समस्याओं से संबंधित सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ समय पर उपस्थित होकर इस मंच का अधिकतम लाभ उठाएं।नगर निगम ने शहरवासियों से अनुरोध किया है कि वे अपनी शिकायतों के समाधान हेतु 06 मार्च 2026, शुक्रवार को समय से उपस्थित होकर इस जनहितकारी पहल में सहभागिता करें और स्वच्छ, सुंदर एवं सुव्यवस्थित लखनऊ के निर्माण में सहयोग प्रदान करें।
.jpg)