मौसमः यूपी-MP में बारिश की चेतावनी, हरियाणा-पंजाब और राजस्थान में ओले गिरने के आसार
February 18, 2026
पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) की वजह से आज देश के कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, बुधवार यानी आज वेस्टर्न हिमालयी इलाके में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी होने की उम्मीद है। मौसम विभागने यह भी कहा कि इसी दौरान नॉर्थवेस्ट इंडिया के मैदानी इलाकों में हल्की बारिश, गरज के साथ बारिश और बिजली कड़कने की संभावना है। दिल्ली-एनसीआर, पंजाब और हरियाणा समेत कई राज्यों में गरज के साथ बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, 18 फरवरी को जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद और हिमाचल प्रदेश में और 18 और 19 फरवरी को उत्तराखंड में हल्की बारिश या बर्फबारी होने की संभावना है। वेस्ट उत्तर प्रदेश में 18 फरवरी को हल्की बारिश हो सकती है। इसके अलावा 18 फरवरी को पंजाब, हरियाणा और पूर्वी राजस्थान में बारिश के साथ कुछ जगहों पर ओले गिरने की भी उम्मीद है। इस दौरान 30–40 किमी की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं बुधवार को पश्चिमी मध्य प्रदेश में गरज के साथ बारिश और बिजली कड़कने की संभावना है। दिल्ली-एनसीआर में भी हल्की बारिश के आसार हैं।
दरअसल, दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में तापमान धीरे-धीरे बढ़ रहा है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़, बिहार, ओडिशा, सिक्किम, असम और मेघालय में 7-12°C के बीच न्यूनतम तापमान दर्ज किया जा रहा है। राजस्थान, सौराष्ट्र और कच्छ, मध्य महाराष्ट्र, विदर्भ, गंगीय पश्चिम बंगाल, पूर्वोत्तर भारत में 12-15°C के बीच तापमान रहेगा। हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, केरल और माहे में न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया जा रहा है।
भारत के मैदानी इलाकों में सबसे कम न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस बांदा (पूर्वी उत्तर प्रदेश) में देखा गया। वहीं, भारत के मैदानी इलाकों में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस कोच्चि (केरल) में देखा गया। ओडिशा, झारखंड, गंगीय पश्चिम बंगाल, असम और मेघालय में 30-35 डिग्री सेल्सियस के आसपास अधिकतम तापमान दर्ज किया जा रहा है।
मौसम विभाग ने बताया कि पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से 3-5°C ज़्यादा रहेगा। उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, बिहार, मध्य प्रदेश, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, असम और मेघालय, गुजरात, तटीय कर्नाटक में 2-3°C और देश के बाकी हिस्सों में लगभग सामान्य रहेगा। अगले 24 घंटों में उत्तर-पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे 2°C की बढ़ोतरी हो सकती है। देश के बाकी हिस्सों में कम से कम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा।
मौसम विभाग ने बताया कि 19 फरवरी तक ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में कुछ जगहों पर सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। यानी इन इलाकों में सर्दी काफी पड़ रही है।
