भरोसे का कत्ल! बेटी की नाबालिग सहेली को स्कूल छोड़ने के बहाने घर ले जाकर किया रेप
February 25, 2026
तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले के तिरुत्तनी के पास पल्लीपट्टू तालुक स्थित पोथत्तुरपेट इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां मां-बाप से वंचित एक नाबालिग लड़की के साथ रेप किया गया. आरोपी की पहचान सेंथिल कुमार के रूप में हुई है, जिसे पुलिस ने POCSO अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
जानकारी के मुताबिक, सेंथिल कुमार उसी इलाके का निवासी है और घर पर बुनाई का काम करता था. उसकी शादी कुछ वर्ष पहले हुई थी और उसकी 13 साल की एक बेटी है, जो पास के सरकारी स्कूल में आठवीं क्लास में पढ़ती है. सेंथिल कुमार रोज़ अपनी बेटी को टू-व्हीलर पर स्कूल छोड़ने और वापस लाने का काम करता था.
इसी स्कूल में पढ़ने वाली एक अन्य छात्रा, जिसके माता-पिता नहीं थे, अपने दादा के साथ रहती थी. दोनों लड़कियां एक ही क्लास में पढ़ती थीं और अच्छी दोस्त बन गई थीं. जब भी सेंथिल कुमार अपनी बेटी को स्कूल ले जाता तो वह उस बच्ची को भी अपने साथ टू-व्हीलर पर स्कूल छोड़ देता था.
घटना वाले दिन भी सेंथिल कुमार अपनी बेटी और उस नाबालिग लड़की को स्कूल लेकर गया. रास्ते में लड़की ने बताया कि उसे सरकारी सहायता योजना से जुड़े काम के लिए अपने आधार कार्ड की कॉपी लेनी है. इसके बाद सेंथिल कुमार ने अपनी बेटी को बीच रास्ते में ही उतार दिया और उस लड़की को अपने घर ले गया.
बताया जा रहा है कि उस समय लड़की के दादा घर पर मौजूद नहीं थे. इसी का फायदा उठाकर सेंथिल कुमार ने अकेली बच्ची के साथ रेप किया. पीड़िता ने विरोध करते हुए कहा कि यह गलत है और उसे घर जाने दिया जाए, लेकिन आरोपी ने उसकी बात नहीं मानी.
घटना के बाद डरी-सहमी लड़की किसी तरह वहां से भागकर अपनी सहेली के पास पहुंची और उसे पूरी आपबीती बताई. इसके बाद दोनों छात्राएं स्कूल गईं और वहां एक अन्य छात्रा को भी इस बारे में जानकारी दी. पीड़ित बच्ची ने मदद के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन संपर्क न हो पाने के कारण उसने स्कूल की एक टीचर को पूरी घटना के बारे में बताया. टीचर ने तुरंत लड़की के दादा को इसकी सूचना दी.
इसके बाद लड़की के दादा तिरुत्तनी पुलिस स्टेशन पहुंचे और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई. शिकायत मिलते ही पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज किया और ऑल वुमन पुलिस स्टेशन की इंस्पेक्टर के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए आरोपी सेंथिल कुमार को गिरफ्तार कर लिया.
आरोपी को POCSO एक्ट के तहत कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेजते हुए पुझल जेल भेज दिया गया. पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और पीड़िता को काउंसलिंग व जरूरी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है.
