कन्नौजः सुनवाई स्थलों पर आने वाले मतदाताओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो! सुनवाई स्थल पर हेल्प डेस्क स्थापित कराई जाए
February 09, 2026
कन्नौज। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण 2026 (एसआईआर) के अन्तर्गत चल रहे नोटिस सुनवाई के चरण में आज ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अर्पित कुमार द्वारा विकास खण्ड कन्नौज एवं जलालाबाद मे सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा संचालित सुनवाई स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान संयुक्त मजिस्ट्रेट ने सुनवाई प्रक्रिया की जानकारी ली तथा उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि सुनवाई के दौरान सभी नामित अधिकारी समय से उपस्थित रहें तथा सुनवाई स्थलों पर आने वाले मतदाताओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। इसके लिए बैठने की समुचित व्यवस्था स्वच्छ पेयजल छाया एवं पार्किंग सहित सभी मूलभूत सुविधाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध होनी चाहिए। साथ ही हेल्प डेस्क की स्थापना कराए जाने हेतु निर्देशित किया। इस मौके पर उन्होंने एईआरओ के कॉन्टेक्ट नम्बर उपलब्ध कराने के निर्देश दिये। कहा कि मतदाता दूर दराज से आते है अतः सुनिश्चित करें कि किसी को खाली हाथ लौट कर न जाना पड़े। उन्होंने बीएलओ को मोटिवेट किया कि बूथों पर ही सुनिश्चित करें कि कौन से 13 आवश्यक डाक्यूमेंट लेकर आने है इस संबंध मे जागरूक करने के निर्देश दिये। अर्पित ने दोनों ब्लाकों के सहायक पंचायत अधिकारियों को निर्देशित किया है कि लोगो को राहत प्रदान करते हुए परिवार रजिस्टर की नकल तत्काल जारी करें। उन्होंने कहा कि परिवार रजिस्टर की नकल के लिए कौन से आवश्यक दस्तावेज देने पड़ते है इससे अवगत कराया जाए।
