उन्नाव। जिले के गंगाघाट थाना क्षेत्र में मनोहर नगर निवासी लक्ष्मी को 15 साल पहले बेचे गए मकान का बिजली बिल चुकाना पड़ रहा है। उनके नाम पर बिजली विभाग ने लगभग 36 हजार रुपए का बकाया दिखाया है, जिससे वह आर्थिक और मानसिक परेशानी का सामना कर रही हैं।
लक्ष्मी ने बताया कि उन्होंने करीब 14-15 साल पहले कर्ज के कारण अपना मकान बेच दिया था। नए मालिक ने उस समय बिजली का मीटर कटवाने और कागजी कार्रवाई पूरी करने का आश्वासन दिया था। उनके अनुसार, मीटर कटवा दिया गया था, लेकिन उन्हें इसकी कोई रसीद या लिखित प्रमाण नहीं मिला।
लक्ष्मी अब उस मकान में नहीं रहती हैं। वह किराए के मकान में रहकर दूसरों के घरों में काम करती हैं और अपने छोटे बच्चे का पालन-पोषण करती हैं। हजारों रुपये का यह बिल उनके लिए बड़ी आर्थिक चुनौती बन गया है।
उन्होंने इस संबंध में कई बार बिजली विभाग के कार्यालय के चक्कर लगाए हैं, लेकिन हर बार उनसे बकाया जमा करने को कहा जाता है। उनके पास न तो मकान बेचने के पुराने कागजात हैं और न ही मीटर कटने की कोई रसीद, जिससे वह यह साबित कर सकें कि उनका इस कनेक्शन से कोई संबंध नहीं है।
लक्ष्मी ने बिजली विभाग के उच्च अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और उन्हें इस बिल से राहत दिलाने की मांग की है। अधिशासी अभियंता भरत कुमार ने बताया है कि मामले की जांच की जाएगी।
.jpg)