बजट भाषण में वित्त मंत्री का शायराना अंदाज! यही जुनून, यही ख्वाब मेरा है
February 11, 2026
उत्तर प्रदेश विधानसभा में वर्ष 2026-27 का बजट पेश करते हुए वित्त मंत्री सुरेश खन्ना शायराना अंदाज में नजर आए। उन्होंने बजट भाषण के दौरान सीएम योगी की तारीफ करते हुए शायरी पढ़ी। उनकी इस शायरी पर सदन के अंदर का माहौल बदल गया। सीएम योगी आदित्यनाथ की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा-"यही जुनून, यही ख्वाब मेरा है, दिया जला के रोशनी कर दूं जहां अंधेरा है।"
वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने अपने बजट भाषण में जहां सरकार की विभिन्न लोकप्रिय योजनाओं के बारे में बताया वहीं एक और शायरी का जिक्र किया। उन्होंने कहा-सितारा बन के आसमां में वहीं चमकते हैं, डुबो देते हैं जो अपने आपको पसीने में। सीएम योगी की तारीफ में उन्होंने कहा-" काबिले तारीफ है, अंदाज एक-एक काम का, गा रहा है गीत यूपी, योगी जी के नाम का।
बता दें कि वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने राज्य विधानसभा में वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 9. 13 लाख करोड़ रुपये का बजट बुधवार को पेश किया जो पिछले वित्त वर्ष की तुलना में करीब 12.2 प्रतिशत अधिक है। सदन के समक्ष बजट पेश करते हुए खन्ना ने कहा कि राज्य सरकार राजकोषीय प्रबंधन एवं ऋण नियंत्रण के लिए हमेशा पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। इसे राज्य में अगले साल की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश की 18वीं विधानसभा का आखिरी पूर्ण बजट माना जा रहा है। इस बजट में सरकार ने रोजगार, अवस्थापना विकास और चिकित्सा स्वास्थ्य समेत विभिन्न मदों को खास तवज्जो दी है।
वित्त मंत्री ने बताया कि प्रति व्यक्ति आय अब 1,09,844 रुपये हो गई है जो 2016 -17 की तुलना में दोगुनी से ज्यादा है। सरकार का लक्ष्य है कि 2025-26 तक इसे 1,20,000 रुपये तक पहुंचाया जाए। प्रदेश की जीएसडीपी में 13.4 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। बेरोजगारी की दर घटकर केवल 2.24 प्रतिशत रह गई है। उन्होंने यह भी ऐलान किया कि अब देश का सबसे बड़ा मोबाइल फोन मैन्यूफैक्चरिंग सेंटर बन चुका है।
