सुल्तानपुर। सुल्तानपुर विधायक एवं पूर्व मंत्री विनोद सिंह लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहकर आमजन से सीधा संवाद स्थापित कर रहे हैं। क्षेत्रवासियों का विश्वास जीतने के उद्देश्य से उनका भ्रमण कार्यक्रम निरंतर जारी है। इसी क्रम में वे ग्रामीण अंचलों में आयोजित विभिन्न मांगलिक कार्यक्रमों में शामिल होकर लोगों के सुख-दुख में सहभागी बने।
भ्रमण की शुरुआत उन्होंने कोहड़ा ग्रामसभा से की, जहां मंडल अध्यक्ष प्रदीप शर्मा के आवास पर आयोजित हवन कार्यक्रम में विधायक विनोद सिंह ने सहभागिता की। उन्होंने विधिवत पूजन कर प्रसाद ग्रहण किया और परिवारजनों को शुभकामनाएं दीं। इसके उपरांत वे वीरान सरैया गांव पहुंचे, जहां रिटायर फौजी जगन्नाथ मिश्रा के यहां बिटिया के विवाह कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर विधायक ने नवविवाहित को आशीर्वाद देते हुए परिवार को मंगलमय भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इसके बाद विधायक विनोद सिंह धनपतगंज ब्लॉक के अतरसुमा कला गांव पहुंचे, जहां जमुना प्रसाद पाण्डेय (विभाग संयोजक, आरएसएस धर्म जागरण) के यहां आयोजित पुत्र के प्रीतिभोज कार्यक्रम में शामिल हुए। यहां उन्होंने बेटे को आशीर्वाद दिया और पूरे परिवार को बधाई दी। आगे के क्रम में वे लोहंगी गांव पहुंचे, जहां भाजपा नेता हरिकेश सिंह के तिलकोत्सव कार्यक्रम में सम्मिलित होकर परिवारजनों से मुलाकात की और शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
अपने भ्रमण के दौरान विधायक विनोद सिंह रामापुर ग्रामसभा के गौराबरन गांव भी पहुंचे, जहां अधिवक्ता मृत्युंजय मिश्रा के बड़े भाई विपिन मिश्रा के तिलक कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने विपिन मिश्रा को आशीर्वाद दिया और परिवार को इस शुभ अवसर की बधाई दी।
भ्रमण के दौरान विधायक ने केवल मांगलिक कार्यक्रमों में ही नहीं, बल्कि क्षेत्र के आम नागरिकों से भी संवाद किया। उन्होंने लोगों का हालचाल जाना और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। कई ग्रामीणों ने सड़क, बिजली, पानी सहित अन्य जनसमस्याएं रखीं, जिस पर विधायक विनोद सिंह ने संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया।
लगातार जनसंपर्क, सामाजिक सहभागिता और जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता के चलते सुल्तानपुर विधायक विनोद सिंह क्षेत्रवासियों के बीच विश्वास का मजबूत आधार तैयार करते नजर आ रहे हैं।
