अमेठीः सुनो सरकार! परेशान ग्रामीण ने फिर एसडीएम से लगाई गुहार
February 04, 2026
अमेठी। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत रामापुर मजरे पीपरपुर निवासी एक ग्रामीण ने अपनी भूमि पर कब्जा न दिलाए जाने को लेकर उपजिलाधिकारी (एसडीएम) अमेठी को दोबारा शिकायती पत्र सौंपा है। पीड़ित का आरोप है कि एसडीएम के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद अब तक न तो राजस्व विभाग और न ही पुलिस की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई की गई है। पीड़ित ग्रामीण राजेश सोनी पुत्र शिव शंकर सोनी का कहना है कि उसकी भूमि गाटा संख्या 986 (रकबा 0.1800 हेक्टेयर) व गाटा संख्या 987 (रकबा 0.0500 हेक्टेयर) को लेकर धारा 24 के तहत मामला उपजिलाधिकारी न्यायालय में दायर किया गया था। इस प्रकरण में 10 जून 2025 को एसडीएम कोर्ट द्वारा भूमि की पुष्टि की गई, वहीं 4 सितंबर 2025 को पत्थर नसब की कार्रवाई भी कराई जा चुकी है।इसके बावजूद विपक्षी रामराज पुत्र छोटे यादव एवं छोटे यादव पुत्र कन्हैया लाल द्वारा दबंगई के बल पर पीड़ित की भूमि पर जबरन कब्जा बनाए रखा गया है। इस संबंध में पीड़ित ने 11 नवंबर 2025 को एसडीएम को शिकायती पत्र देकर कानूनगो एवं थाना प्रभारी अमेठी को मौके पर जाकर कब्जा दिलाए जाने के निर्देश दिलवाए थे। चार फरवरी 2026 तक भी कोई कार्रवाई न होने से आहत पीड़ित ने एक बार फिर एसडीएम आशीष कुमार सिंह को प्रार्थना पत्र देकर भूमि पर कब्जा दिलाने की मांग की है। पीड़ित का आरोप है कि अब तक संबंधित कानूनगो मौके पर नहीं पहुंचा, जिससे वह लगातार अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर लगाने को मजबूर है। इस पूरे मामले पर एसडीएम अमेठी आशीष कुमार सिंह ने बताया कि उन्हें पीड़ित का शिकायती पत्र प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि वे आज न्यायालय में व्यस्त थे, लेकिन मामले की जांच कराकर शीघ्र ही राजस्व व पुलिस टीम को मौके पर भेजकर प्रकरण का निस्तारण कराया जाएगा।
