लखनऊ। नगर निगम द्वारा गृहकर की वसूली को लेकर सख्त रुख अपनाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को नगर निगम के विभिन्न जोनों में गृहकर जमा न करने वाले बड़े बकायेदारों के विरुद्ध सीलिंग एवं कुर्की की व्यापक कार्रवाई की गई। इस अभियान के अंतर्गत नगर निगम जोन-2 एवं जोन-8 में कई प्रतिष्ठानों को सील किया गया, वहीं कुछ मामलों में आंशिक भुगतान भी प्राप्त हुआ।
नगर निगम जोन-2 में चलाए गए अभियान के तहत वार्ड मोतीलाल नेहरू चंदभानु गुप्त नगर एवं वार्ड अंबेडकर नगर क्षेत्र में गृहकर बकायेदारों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। वार्ड मोतीलाल नेहरू चंदभानु गुप्त नगर में भवन संख्या 279ध्043-ख भवन स्वामी होटल माधवन, मोहल्ला पान दरीबा पर ₹3,45,489.30 गृहकर बकाया पाए जाने पर सीलिंग की कार्रवाई की गई। इसी वार्ड में भवन संख्या 279ध्038, भवन स्वामी बाबा होटल, कानपुर रोड पर ₹52,60,687.09 के भारी बकाया के चलते प्रतिष्ठान को सील किया गया।
इसके अतिरिक्त भवन संख्या 72ध्14-क, भवन स्वामी मुन्नीलाल कागजी जैन ट्रस्ट, मोहल्ला पान दरीबा पर ₹6,60,493.19 बकाया होने के कारण सीलिंग की गई। वहीं भवन संख्या 215ध्460, भवन स्वामी होटल प्रयास, मोहल्ला पान दरीबा पर ₹3,63,754.41 गृहकर बकाया पाए जाने पर कार्रवाई की गई।
वार्ड अंबेडकर नगर अंतर्गत तालकटोरा इंडस्ट्रियल एरिया स्थित भवन संख्या म्-009, भवन स्वामी सनप्रा फूड प्रोडक्ट्स लिमिटेड पर ₹55,355 बकाया होने के कारण सीलिंग की कार्रवाई की गई।
उधर, नगर निगम जोन-8 में भी एलडीए की कुल 07 संपत्तियों पर ₹1,01,81,674 का गृहकर बकाया पाया गया, जिसकी वसूली के उद्देश्य से 06 संपत्तियों पर सीलिंग की कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान एक भवन से ₹4,00,000 की आंशिक धनराशि जमा कराई गई।
ड्रीम वर्ल्ड एम्यूजमेंट पार्क के मामले में एलडीए के अधिशासी अभियंता द्वारा बताया गया कि संबंधित बकाया पूर्व वेंडर से संबंधित है तथा वर्तमान वेंडर द्वारा देय नहीं है। इस संबंध में बकाया निस्तारण हेतु दो दिन का समय मांगा गया है। शेष प्रतिष्ठान सील कर दिए गए हैं।
