प्रतापगढ़। जिले में कोहड़ौर थाना क्षेत्र अंतर्गत मदुरा गांव में हो रहे मंदिर निर्माण में गांव के एक विशेष वर्ग की महिलाओं ने दीवार गिराते हुए किया उग्र प्रदर्शन, कोहड़ौर पुलिस ने शांति व्यवस्था किया कायम।
विदित हो कि मदुरावत देवी धाम में विगत सप्ताह से विधिसम्मत रूप से चल रहे पुनरुद्धार, संरक्षण एवं संवर्धन कार्य के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा योजनाबद्ध ढंग से अवांछित व्यवधान उत्पन्न किए जाने का प्रयास किया गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रकरण की सूचना तत्काल पुलिस प्रशासन को दी गई।
घटना के दौरान उग्र प्रदर्शन एवं पत्थरबाजी की गई, जिससे स्थल की कच्ची दीवार का एक भाग क्षतिग्रस्त हुआ। कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु पुलिस द्वारा त्वरित एवं विधिसंगत कार्रवाई करते हुए संबंधित व्यक्तियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।
यह तथ्य उल्लेखनीय है कि मदुरावत देवी धाम स्थल की प्रामाणिकता एवं वैधानिक स्थिति राजस्व विभाग से लेकर माननीय उच्च न्यायालय, लखनऊ खंडपीठ तक द्वारा विधिवत सिद्ध एवं स्थापित की जा चुकी है। देवी धाम से जुड़े पक्षकार रमेश तिवारी द्वारा बीते लगभग दो दशकों से समस्त विधिक प्रक्रियाओं का पूर्ण संयम, धैर्य एवं आस्था के साथ शांतिपूर्वक सामना किया गया है।
वर्तमान में चल रहे पावन पुनरुद्धार कार्य में बाधा उत्पन्न करने के उद्देश्य से की गई गतिविधियों से क्षेत्र के श्रद्धालुओं एवं सनातन मतावलंबियों की धार्मिक भावनाएँ आहत हुई हैं। तथापि, प्रशासन द्वारा की गई निष्पक्ष एवं उचित कार्रवाई से जनमानस में संतोष का भाव परिलक्षित हुआ है।
मदुरावत देवी धाम ट्रस्ट, भक्त मंडल एवं पक्षकार रमेश तिवारी द्वारा पुनः यह स्पष्ट किया गया है कि देवी माँ के इस पवित्र धाम से संबंधित समस्त कार्य पूर्णतः विधि के अनुरूप, शांति, संयम एवं मर्यादा के साथ ही संपन्न किए जाएंगे। माँ मदुरावत देवी की कृपा से सत्य, धर्म और कानून की विजय सुनिश्चित है।
