आगरा। नुन्हाई क्षेत्र में विराट हिंदू सम्मेलन का भव्य एवं गरिमामय आयोजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे। सम्मेलन का उद्देश्य सनातन धर्म के मूल्यों, संस्कृति एवं सामाजिक समरसता का संदेश जन-जन तक पहुंचाना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि परम पूज्य श्री अतुल कृष्ण भारद्वाज जी ने अपने आशीर्वचन में कहा कि सनातन धर्म विश्व को शांति, सहिष्णुता और मानवता का मार्ग दिखाता है। उन्होंने युवाओं से धर्म, संस्कृति और राष्ट्र के प्रति समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया।
सम्मेलन के मुख्य वक्ता विभाग प्रचारक आदरणीय रोहित जी ने अपने ओजस्वी उद्बोधन में संगठन की शक्ति, राष्ट्र निर्माण में समाज की भूमिका तथा सांस्कृतिक जागरण पर विस्तार से प्रकाश डाला। उनके विचारों से उपस्थित जनसमूह में उत्साह और जागरूकता का संचार हुआ।
कार्यक्रम का सफल संचालन श्री कृष्ण त्यागी द्वारा किया गया। संचालन के दौरान उन्होंने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम को सुव्यवस्थित एवं प्रभावशाली ढंग से आगे बढ़ाया।
अंत में आयोजकों ने सभी आगंतुकों, संतजनों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया और समाज में एकता एवं धर्म जागरण के ऐसे कार्यक्रम आगे भी आयोजित करने का संकल्प लिया।
