इस साल रंग वाली होली कब खेली जाएगी? नोट कर लें धुलंडी की सही तारीख
February 18, 2026
रंग वाली होली को धुलंडी के नाम से भी जाना जाता है। ये त्योहार चैत्र महीने की पहली तारीख को मनाया जाता है। इसके एक दिन पहले यानी फाल्गुन पूर्णिमा पर होलिका दहन किया जाता है। होली हिंदुओं का एक प्रमुख त्योहार है जिसे मिल जुलकर बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। इस दिन लोग एक-दूसरे को गुलाल लगाकर हैप्पी होली कहते हैं और गुजिया, दही भल्ले, ठंडाई, नमकपारे इत्यादि व्यंजनों का लुत्फ उठाते हैं। जानिए इस साल रंगवाली होली कब खेली जाएगी।
रंग वाली होली 2026
रंग वाली होली इस साल 4 मार्च 2026 को खेली जाएगी। जबकि होलिका दहन 3 मार्च को किया जाएगा।
होली का महत्व
दीपावली के बाद हिन्दुओं का दूसरा मुख्य त्यौहार होली ही है। इसे रंगों के त्यौहार के नाम से भी जाना जाता है। ये त्योहार भगवान कृष्ण से जुड़ा है इसलिए मथुरा-वृंदावन में होली की खास रौनक देखने को मिलती है। ब्रज की होली की छटा का आनन्द लेने के लिये दूर-दराज से लोग मथुरा, वृन्दावन, गोवर्धन, गोकुल, नन्दगांव और बरसाना पहुंचते हैं। बरसाना की लट्ठमार होली तो विश्व प्रसिद्ध है।
होली से एक दिन पहले किया जाता है होलिका दहन
होली से एक दिन पहले होलिका दहन का त्योहार मनाया जाता है। इस दिन लोग होलिका की पूजा-अर्चना कर उसे भस्म कर देते हैं। दक्षिण भारत में ये त्योहार काम-दहनम् के नाम से मनाया जाता है। होलिका दहन का पावन त्योहार बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। यह त्योहार भगवान विष्णु के सबसे बड़े भक्त प्रह्लाद की अटूट भक्ति की याद में मनाया जाता है। इस साल होलिका दहन पर साल का पहला चंद्र ग्रहण लगने जा रहा है। बता दें होलिका दहन का पर्व 3 मार्च को मनाया जाएगा।
