आगरा । जनपद आगरा में यातायात व्यवस्था को सुगम एवं व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से मण्डल आयुक्त नगेन्द्र प्रताप की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगरा मेट्रो परियोजना के कार्यों की प्रगति तथा यातायात नियंत्रण के उपायों पर विस्तृत चर्चा की गई।
परियोजना निदेशक, उत्तर प्रदेश मैट्रो रेल कॉरपोरेशन, आगरा द्वारा अवगत कराया गया कि माल रोड एवं एम.जी. रोड पर आगरा कॉलेज तक मेट्रो का कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है। मण्डल आयुक्त ने निर्देश दिए कि यातायात को नियंत्रित रखने हेतु विभिन्न स्थानों पर मार्शल की तैनाती सुनिश्चित की जाए तथा 20 मार्शल यातायात पुलिस को उपलब्ध कराए जाएं।
उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि जिन स्थानों पर बैरीकेटिंग हटाई जा चुकी है, वहां सड़कों की मरम्मत एवं क्षतिग्रस्त फुटपाथों के पुनर्निर्माण हेतु कार्ययोजना प्रस्तुत की जाए। साथ ही आवश्यकतानुसार रूट डायवर्जन के लिए साइनेज भी लगवाए जाएं।
नगर आयुक्त, नगर निगम आगरा ने बताया कि कई स्थानों पर मेट्रो कार्य शुरू न होने के बावजूद बैरीकेटिंग कर दी गई है। इस पर आयुक्त ने निर्देश दिए कि जहां कार्य प्रारम्भ नहीं हुआ है, वहां बैरीकेटिंग को कम या हटाया जाए।
एम.जी. रोड पर 144 पेड़ों के पातन की अनुमति उच्चतम न्यायालय से प्राप्त न होने के कारण मेट्रो कार्य प्रभावित हो रहा है। परियोजना निदेशक को निर्देश दिए गए कि न्यायालय में प्रभावी पैरवी कर शीघ्र अनुमति प्राप्त करें।
बैठक में अबूलाला दरगाह पर बस ले-बाई निर्माण हेतु संयुक्त निरीक्षण कर स्थल चिन्हित करने तथा कुबेरपुर में निजी बस अड्डे के संचालन की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए। रोडवेज प्रबंधन को कुबेरपुर बस अड्डा संचालन हेतु आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा गया।
इसके अतिरिक्त यमुना एक्सप्रेस-वे, राष्ट्रीय राजमार्ग एवं इनर रिंग रोड पर अन्य जनपदों की ओर जाने वाले मार्गों के लिए साइनेज लगाए जाने संबंधी निर्णयों पर भी समीक्षा की गई।बैठक में नगर आयुक्त अंकित खण्डेलवाल, अपर पुलिस आयुक्त यातायात हिमांशु गौरव, आरटीओ प्रवर्तन अखिलेश द्विवेदी, रोडवेज मैनेजर बी.पी. अग्रवाल, एसीपी ट्रैफिक राम प्रवेश गुप्ता, आगरा मेट्रो परियोजना निदेशक अरविन्द कुमार राय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
