बिजली के खंभे से टकराकर आग का गोला बना कच्चे तेल का टैंकर
February 18, 2026
यूपी के कौशांबी में उस समय हड़कंप मच गया जब कच्चे तेल से भरा एक टैंकर अचानक आग का गोला बन गया। नेशनल हाईवे पर टायर फटने से अनियंत्रित होकर पलटे टैंकर में आग लगते ही आसमान में धुएं का गुबार उठने लगा। इस दौरान, ड्राइवर ने किसी तरह कूदकर अपनी जान बचाई। आग लगने से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानें ये पूरी घटना कैसे हुई।
बता दें कि ये घटना सैनी कोतवाली क्षेत्र के नेशनल हाईवे-2 लोहदा गांव के पास की है, जहां कच्चे तेल से भरा टैंकर टायर फटने से अचानक बेकाबू होकर पलट गया और सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकरा गया। टक्कर के बाद 11 हजार वोल्ट की लाइन से निकली चिंगारी ने टैंकर को अपनी चपेट में ले लिया।
फिर देखते ही देखते कच्चे तेल से भरा टैंकर धू-धूकर जलने लगा और आसमान में काले धुएं का गुबार उठने लगा। आग की भयावह लपटों को देखकर मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान, ड्राइवर विनीत कुमार ने सूझ-बूझ दिखाते हुए टैंकर से कूदकर अपनी जान बचाई।
इसके बाद, खबर मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक टैंकर पूरी तरह जल चुका था। बताया जा रहा है कि ऑयल दिल्ली से कोलकाता जा रहा था।
वहीं, इस घटना का वीडियो मौके पर मौजूद लोगों ने बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। कोई भी इस आग की चपेट में नहीं आया।
