आतंकी पन्नू के 2 स्लीपर सेल गिरफ्तार
February 05, 2026
खालिस्तानी संगठन सिख फॉर जस्टिस के दो स्लीपर सेल दिल्ली से गिरफ्तार किए गए हैं। ये दोनों आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू के लिए स्लीपर सेल के रूप में काम करते थे। दोनों स्लीपर सेल की गिरफ्तारी दिल्ली से हुई। इन दोनों ने 26 जनवरी के ठीक पहले दिल्ली में दो जगहों पर प्रो खालिस्तान लाइनें लिखकर माहौल खराब करने की कोशिश की थी। इस मामले के दोनों आरोपियों को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
आतंकी पन्नू ने दो लाख रुपये देने का लालच देकर स्लीपर सेल से काम कराया था। पैसों के बदले दोनों आरोपियों ने दिल्ली में दो जगहों पर "खालिस्तान जिंदाबाद" लिखा था। इस घटना की पूरी साजिश कनाडा में बैठकर रची गई थी।
कनाडा में मौजूद पन्नु के एक करीबी ने बलजिंदर और रोहित उर्फ कीरथ को ये काम करने के लिए हायर किया था। बलजिंदर दिल्ली में एम्बुलेंस चलाता है, जबकि रोहित उसका साथी है। मास्टरमाइंड तिलक नगर का रहने वाला है। वह 26 जनवरी के कुछ दिन पहले ही कनाडा चला गया था। इस दौरान वह सीधे पन्नु के टच में था। पुलिस को पन्नु के कुछ और करीबियों की तलाश है।
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने ‘सिख फॉर जस्टिस’ (एसएफजे) द्वारा आतंकवादी घोषित गुरपतवंत सिंह पन्नू के खिलाफ गणतंत्र दिवस से पहले राष्ट्रीय राजधानी में अशांति फैलाने की धमकी देने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की थी। एक अधिकारी ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 196 (धर्म, जाति, जन्म स्थान, निवास स्थान, भाषा आदि के आधार पर विभिन्न समूहों के बीच शत्रुता को बढ़ावा देना और सद्भाव के विरुद्ध हानिकारक कार्य करना), 197 (राष्ट्रीय एकता के लिए हानिकारक आरोप और दावे), 152 (भारत की संप्रभुता, एकता और अखंडता को खतरे में डालने वाले कार्य) और 61 (आपराधिक षड्यंत्र) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पन्नू द्वारा सोशल मीडिया पर एक वीडियो संदेश जारी करने के बाद शुरू की गई थी, जिसमें उसने कथित तौर पर 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस समारोह से पहले दिल्ली में शांति और कानून व्यवस्था की स्थिति को बिगाड़ने की धमकी दी थी।
