लखनऊः संपूर्ण समाधान दिवस में 184 शिकायतें प्राप्त,महापौर की अध्यक्षता में हुआ आयोजन
February 06, 2026
लखनऊ। नगर निगम द्वारा संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन नगर निगम मुख्यालय, लालबाग स्थित त्रिलोकनाथ सभागार में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शहरवासियों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना रहा। समाधान दिवस की अध्यक्षता महापौर सुषमा खर्कवाल ने की।इस अवसर पर नगर आयुक्त गौरव कुमार, अपर नगर आयुक्त ललित कुमार, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी विनय कुमार राय, समस्त जोनल अधिकारी, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, संबंधित अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान शहर के विभिन्न जोनों से गृहकर एवं जलकर से संबंधित कुल 184 आपत्तियाँ प्राप्त हुईं। गृहकर से संबंधित जोनवार कुल 160 आपत्तियाँ दर्ज की गईं, जिनमें जोन-1 से 82, जोन-2 से 9, जोन-3 से 17, जोन-4 से 8, जोन-5 से 5, जोन-6 से 19, जोन-7 से 15 तथा जोन-8 से 5 आपत्तियाँ शामिल रहीं। वहीं जलकर से संबंधित 24 आपत्तियाँ प्राप्त हुईं।समाधान दिवस के दौरान जीआईएस सर्वेक्षण के उपरांत प्राप्त कर निर्धारण संबंधी आपत्तियों पर सुनवाई करते हुए कई मामलों में वार्षिक मूल्य में संशोधन कर नागरिकों को राहत प्रदान की गई। महापौर ने समाधान दिवस को नगर निगम और नागरिकों के बीच संवाद का प्रभावी माध्यम बताते हुए कहा कि इससे आमजन की समस्याओं का मौके पर समाधान संभव हो रहा है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे भविष्य में भी आवश्यक दस्तावेजों के साथ संपूर्ण समाधान दिवस में सहभागिता करें।नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि संपूर्ण समाधान दिवस के माध्यम से गृहकर, जलकर, सफाई, कूड़ा उठान, सड़क मरम्मत, जल आपूर्ति, स्ट्रीट लाइट एवं अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जा रहा है, जिससे पारदर्शिता के साथ आमजन को राहत मिल रही है।
