नोएडा सेक्टर 142 में मकान की शटरिंग गिरी, मलबे में दबकर 2 लोगों की मौत
February 08, 2026
उत्तर प्रदेश के नोएडा में एक निर्माणाधीन बिल्डिंग की शटरिंग गिरने से बड़ा हादसा हो गया। थाना सेक्टर-142 क्षेत्र में हुए हादसे में दो मजदूर नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद 2 सुपरवाइजर/ठेकेदार को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। घटना के बाद निर्माणाधीन इमारत का वीडियो भी सामने आया है, जिसे अभी सिर्फ पिलर और मूल संरचना ही नजर आ रही हैं, लेकिन इस हादसे ने बिल्डिंग की मजबूती पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
यह नोएडा में मकान गिरने का पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी कई बार नोएडा में बड़े हादसे हो चुके हैं। कुछ दिन पहले ही यहां एक गड्ढे में एक युवक कार समेत गिर गया था। गिरने के बाद उसने समय रहते अपने पिता को फोन कर दिया था। रेस्क्यू टीमें भी समय रहते पहुंच गई थीं, लेकिन कोई उसे बचाने के लिए गड्ढे में नहीं उतरा। अंत में युवक की पानी में डूबने से मौत हो गई। इस घटना के बाद काफी बवाल हुआ था।
पिछले महीने नोएडा के सेक्टर 150 में भी ऐसा ही हादसा सामने आया था। यहां निर्माणाधीन इमारत गिर गई थी। इस हादसे में दो लोग घायल हुए थे, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालांकि, इलाज के बाद दोनों को छुट्टी दे दी गई थी। इससे पहले सेक्टर 142 में बेसमेंट खुदाई के दौरान मंदिर की दीवार गिर गई थी। नोएडा के सेक्टर 144 और ग्रेटर नोएडा से भी ऐसी घटनाएं सामने आई हैं।
