Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

भुवनेश्वर की सुपरमार्केट में देर रात लगी भीषण आग, 11 घंटे बाद भी बुझाया नहीं जा सका


ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में सोमवार रात एक बड़ा हादसा हो गया। लिंगिपुर इलाके के पास स्थित एक सुपरमार्केट में देर रात भीषण आग लग गई। इस घटना से आसपास के इलाके में दहशत फैल गई और लाखों रुपये की संपत्ति जलकर खाक हो गई।

जानकारी के अनुसार, आग रात करीब 10 बजे बहुमंजिला इमारत की तीसरी मंजिल से अचानक भड़की। देखते ही देखते लपटें तेजी से फैलने लगीं। बताया जा रहा है कि तीसरी मंजिल पर बड़ी मात्रा में प्लास्टिक और अन्य ज्वलनशील घरेलू सामान रखा हुआ था, जिसकी वजह से आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया।

आग लगते ही इमारत से घना धुआं निकलने लगा, जो दूर से ही दिखाई दे रहा था। आसपास के स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही कई दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। आग की तीव्रता इतनी ज्यादा है कि उसे बुझाने में 11 घंटे से अधिक समय लग रहा है। अभी तक आग पूरी तरह से नियंत्रित नहीं हो पाई है। प्लास्टिक और अन्य ज्वलनशील सामग्री के बड़े स्टॉक के कारण आग बार-बार भड़क रही है, जिससे राहत कार्य में दिक्कतें आ रही हैं।

घटना के समय तीसरी मंजिल पर कुछ लोग फंसे होने की जानकारी मिली थी। दमकल टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में अभी तक किसी के आहत होने की खबर नहीं है। आग में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक के सामान, स्टील के बर्तन और अन्य घरेलू वस्तुएं जलकर नष्ट हो गईं। इससे सुपरमार्केट मालिक को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। हालांकि आग लगने के सही कारण का अभी तक पता नहीं चल पाया है, लेकिन शुरुआती आशंका है कि शॉर्ट सर्किट के कारण यह हादसा हुआ हो सकता है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |