Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

पीलीभीत: पुलिस लाइन में साप्ताहिक परेड का निरीक्षण, पुलिस अधीक्षक ने परखी पुलिस बल की तैयारी! यूपी-112 वाहनों, शस्त्रों व शाखाओं की जांच कर दिए निर्देश , सतर्कता, अनुशासन और सेवा भावना पर जोर


पीलीभीत। शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने रिजर्व पुलिस लाइन पहुंचकर साप्ताहिक परेड की सलामी ली और पुलिस बल की तैयारियों का विस्तृत निरीक्षण किया। परेड के दौरान सभी पुलिसकर्मियों को निर्धारित मानकों के अनुसार अभ्यास कराया गया तथा शस्त्र ड्रिल भी कराई गई, जिससे बल की कार्यकुशलता, अनुशासन और समन्वय का परीक्षण किया जा सके।निरीक्षण क्रम में एसपी ने यूपी-112 सेवा में तैनात पीआरवी वाहनों की गहन जांच की। उन्होंने चालकों से वाहनों की तकनीकी स्थिति, रखरखाव और संचालन में आने वाली समस्याओं की जानकारी ली तथा उपलब्ध जीवन रक्षक उपकरणों की कार्यशीलता और आपात स्थिति में उनके प्रभावी उपयोग को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी उपकरण मानक के अनुरूप और हमेशा उपयोग हेतु तैयार स्थिति में रहें, ताकि किसी भी आपातकालीन कॉल पर त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

पुलिस अधीक्षक ने पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए शस्त्रों के सुरक्षित रख-रखाव, नियमित सफाई और सही तकनीक से प्रयोग पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि शस्त्र पुलिस बल की जिम्मेदारी और सुरक्षा का महत्वपूर्ण साधन हैं, इसलिए इनके प्रति किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।परेड के उपरांत उन्होंने पुलिस लाइन परिसर स्थित विभिन्न शाखाओं   केन्द्रीय पुलिस कैंटीन, अग्निशमन शाखा, फायरिंग बट और आदेश कक्ष  का भी निरीक्षण किया। इस दौरान व्यवस्थाओं, अभिलेखों, उपकरणों और साफ-सफाई की स्थिति का अवलोकन कर प्रतिसार निरीक्षक को परिसर में स्वच्छता, सुव्यवस्था और अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए।अंत में एसपी ने अधिकारियों व कर्मचारियों से अपेक्षा जताई कि वे ड्यूटी के दौरान सतर्कता, समयपालन और सेवा भावना को सर्वोच्च प्राथमिकता दें, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली प्रभावी होने के साथ-साथ जनविश्वास भी मजबूत बना रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |