प्रतापगढः 108 परिषदीय विद्यालयों में तिथि भोजन का आयोजन, बच्चों को मिला पौष्टिक आहार
February 24, 2026
प्रतापगढ़। जिले में मुख्य विकास अधिकारी के निर्देश के क्रम में विकास खंड लक्ष्मणपुर के 108 परिषदीय विद्यालयों में तिथि भोजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को मौसमी फल एवं विभिन्न प्रकार के पौष्टिक खाद्य पदार्थ वितरित किए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को पोषण युक्त आहार उपलब्ध कराना तथा उनके स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना रहा।विद्यालयों में उत्साहपूर्ण वातावरण के बीच बच्चों को केला, सेब, दाल, चावल, हरी सब्जियां तथा अन्य पौष्टिक सामग्री प्रदान की गई। तिथि भोजन पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे। खण्ड शिक्षा अधिकारी लक्ष्मणपुर सुरेश कुमार सरोज ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप बच्चों को संतुलित एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के लिए यह पहल की गई है। इससे न केवल बच्चों के शारीरिक विकास को बल मिलेगा, बल्कि विद्यालयों में उनकी उपस्थिति भी बढ़ेगी। कार्यक्रम को सफल बनाने में संबंधित ग्राम प्रधानों, प्रधानाध्यापकों, शिक्षकों एवं विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों का विशेष योगदान रहा। अधिकारियों ने विद्यालयों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए ।ग्रामीणों एवं अभिभावकों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे बच्चों के हित में एक सराहनीय कदम बताया।
