Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

बलियाः फाइलेरिया उन्मूलन को लेकर 10 से 28 फरवरी तक चलेगा आईडीए अभियान! जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स की दूसरी बैठक संपन्न


बलिया। राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के तहत जनपद में 10 से 28 फरवरी तक फाइलेरिया से बचाव के लिए ट्रिपल ड्रग थेरेपी आईडीए (आइवर्मेक्टिन, डीईसी व अल्बेंडाजॉल) अभियान चलाया जाएगा। अभियान की तैयारियों को लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स की दूसरी बैठक आयोजित की गई। उन्होंने कहा कि फाइलेरिया उन्मूलन एक अत्यंत महत्वपूर्ण जनस्वास्थ्य अभियान है। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर समयबद्ध कार्ययोजना के अनुसार कार्य करें। उन्होंने स्कूलों और कॉलेजों में प्रार्थना सभाओं के माध्यम से बच्चों को जागरूक करने, ग्राम प्रधानों व कोटेदारों से जागरूकता गतिविधियाँ संचालित कराने तथा अभियान के दिन समुदाय के समक्ष स्वयं दवा सेवन कर उदाहरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विजय यादव ने बताया कि फाइलेरिया एक लाइलाज बीमारी है, जिसके लक्षण 5 से 15 वर्षों बाद सामने आते हैं। यह रोग मच्छरों के काटने से फैलता है और हाथ, पैर, स्तन व अंडकोष में सूजन जैसी गंभीर समस्याएँ उत्पन्न करता है, जिससे व्यक्ति दिव्यांगता की स्थिति में पहुँच सकता है। उन्होंने बताया कि इस बीमारी से बचाव के लिए वर्ष में एक बार दवा का सेवन आवश्यक है। वेक्टर जनित रोगों के नोडल अधिकारी डॉ. अभिषेक मिश्रा ने बताया कि आईडीए अभियान के अंतर्गत एक वर्ष से कम आयु के बच्चों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों को छोड़कर सभी को घर-घर जाकर स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा अपने समक्ष दवा खिलाई जाएगी। किसी भी स्थिति में दवा का वितरण नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि फाइलेरिया मादा क्यूलेक्स मच्छर के काटने से फैलने वाला संक्रामक रोग है, जिसे आमतौर पर हाथीपांव कहा जाता है। जिला मलेरिया अधिकारी राजीव त्रिपाठी ने बताया कि जनपद में अब तक फाइलेरिया के कुल 4264 मरीज चिन्हित किए गए हैं। कहा कि आईडीए अभियान के तहत दी जाने वाली दवाएं पूरी तरह सुरक्षित व प्रभावी हैं। दवा सेवन के बाद हल्के दुष्प्रभाव जैसे चक्कर, उल्टी या खुजली इस बात का संकेत हो सकते हैं कि शरीर में मौजूद कीटाणु नष्ट हो रहे हैं। वर्ष में एक बार लगातार पाँच वर्षों तक दवा खाने से फाइलेरिया संक्रमण से बचाव संभव है।

बैठक में स्वास्थ्य विभाग सहित पंचायती राज, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, अल्पसंख्यक कल्याण, आपूर्ति विभाग के अधिकारी, साथ ही ॅभ्व्, पाथ, पीसीआई और सीफार संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |