विण्ढमगंज (सोनभद्र)। ग्राम पंचायत हरनाकछार के चर्क पथली टोला में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 32 वर्षीय महिला का शव आम के पेड़ से लटका हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में शोक और हड़कंप का माहौल बन गया। मृतका की पहचान ललिता देवी पत्नी अमरीश पनीका के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, घटना के समय घर में केवल दो महिलाएं मौजूद थीं, जो आपस में सगी बहनें बताई जा रही हैं। उस वक्त घर पर कोई भी पुरुष सदस्य मौजूद नहीं था। ललिता देवी अपने पीछे तीन छोटे बच्चों को छोड़ गई हैं, जिनमें एक पुत्र और दो पुत्रियां शामिल हैं। मां की अचानक हुई इस संदिग्ध मौत के बाद बच्चों के भविष्य को लेकर ग्रामीणों में गहरी चिंता और संवेदना देखी जा रही है। सुबह करीब 7 बजे ग्राम प्रधान को घटना की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान प्रतिनिधि निरंजन सोनी मौके पर पहुंचे और तत्काल स्थानीय प्रशासन को अवगत कराया। इसके बाद विण्ढमगंज पुलिस और प्रशासनिक टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को अपने कब्जे में ले लिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मृतका के मायके पक्ष को सूचना दे दी गई है। उनके पहुंचने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है, ताकि मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सके।
घटना के बाद चर्क पथली टोला सहित आसपास के गांवों में शोक का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि ललिता देवी शांत और सरल स्वभाव की महिला थीं। प्रशासन की ओर से आश्वासन दिया गया है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
