प्रतापगढः भारत व पाक के बीच तनाव को लेकर चीन की मध्यस्थता अस्वीकार्य- प्रमोद तिवारी
January 04, 2026
लालगंज/प्रतापगढ़। राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता प्रमोद तिवारी ने पड़ोसी देश बांग्लादेश में पेट्रोल डालकर जलाए गए हिन्दू व्यापारी खोकनचंद्र दास की वीभत्स हत्या को वहां अल्पसंख्यको के लिए भयावह हालात करार दिया है। सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि इसके पहले वहां दीपूचंद्र दास की भी बेरहमी से हत्या कर दी गयी थी। उन्होने कहा कि केंद्र सरकार को फौरन बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों के साथ हो रही हिंसा को रोकने के लिए कठोर कूटनीतिक प्रयास शुरू करना चाहिए। उन्होने कहा कि विदेश नीति में अपरिपक्वता तथा लचर होने के कारण पड़ोसी देशों में भी नीतिगत समन्वय का अभाव उत्पन्न हो गया है। वहीं उन्होने प्रदेश के बुलन्दशहर जिले में मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या की घटना को भाजपा राज में कानून और व्यवस्था के लिए शर्मनाक कहा है। राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी ने कहा कि दिल दहला देने वाली यह घटना भाजपा के बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ नारे को भी लज्जाजनक चुनौती दे गयी है। रविवार को यहां कैम्प कार्यालय पर मीडिया से रूबरू सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि भाजपा चुनौतीपूर्ण मुददों से जनता का ध्यान हटाने के लिए एसआईआर का शोर मचा रही है। उन्होने कहा कि एसआईआर में पश्चिम बंगाल में गहन पुनरीक्षण के तहत गलत तरीके से नाम जोड़ने वाले पांच अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज होना इस अभियान की ताजा पोल खोल गया है। उन्होने कहा कि विशेष पुनरीक्षण अभियान के नाम पर भाजपा और आयोग की मिलीभगत से लोगों के मतदान के अधिकार पर खुला डांका डाला जा रहा है। वही उन्होने आपरेशन सिन्दूर को लेकर चीन द्वारा भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव कम करने की मध्यस्थता के दावे पर भी मोदी सरकार को आडे हाथों लिया। उन्होने कहा कि अरूणांचल प्रदेश की भारतीय महिला के साथ चीनी सरकार ने अवांछित तथा अमानवीय कदम उठाया। सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि पाकिस्तान रोज यह दावा जता रहा है कि आपरेशन सिन्दूर के दौरान चीनी नेतृत्व लगातार पाकिस्तान के संपर्क में था। उन्होने कहा कि इसके बावजूद चीन की मध्यस्थता का राग अलापना देश की विदेश नीति के ढुलमुल होने का नतीजा है। उन्होने अमेरिका के द्वारा वेनेजुएला पर हमले की कार्रवाई को दुनिया में युद्ध के ताजा माहौल के लिए और खतरनाक कदम कहा है। सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि वेनेजुएला में आंतरिक सैन्य हस्तक्षेप कर अमेरिका ने सभी अर्न्तराष्ट्रीय नियमों की खुली धज्जियां उड़ाई है। सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि अमेरिका ने टैरिफ बढ़ोत्तरी तथा एच-वन वीजा के जरिए भारतीय हितों पर भी गहरी चोट पहुंचायी है। उन्होने कहा कि इसके बावजूद मोदी सरकार अर्न्तराष्ट्रीय क्षेत्र में देश की गुटनिरपेक्ष आंदोलन से जुडी नीतियों का पालन करने में हिचकिचा रही है। इसके पहले सांसद प्रमोद तिवारी ने बाबा घुइसरनाथ धाम में मत्था टेका। यहां उन्होने माघ मेले को देखते हुए बाबा धाम में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर कार्यकर्ताओं को निर्देश दिये। उन्होने शीतलमऊ वार्ड में पहुंचकर हाल ही में बलदेव सिंह की धर्मपत्नी के आकस्मिक निधन पर परिजनों से मिलकर संवेदना जतायी। इस मौके पर ब्लाक प्रमुख अशोक सिंह बबलू, चेयरपर्सन प्रतिनिधि संतोष द्विवेदी, ज्ञानप्रकाश शुक्ल, आशीष उपाध्याय, रवीन्द्र मिश्र, छोटेलाल सरोज, डॉ0 अमिताभ शुक्ल, विकास मिश्र, इं. सुनील पाण्डेय, मुरलीधर तिवारी, लल्लन मिश्र, बृजेश द्विवेदी, हृदय नारायण मिश्र, रामू मिश्र, धीरेन्द्र पाण्डेय, आशीष कौशल, शेरू खां, अतुल शुक्ला, अभिनव शुक्ला, सिंटू मिश्र, रोहित सिंह, गुडडू सिंह, दृगपाल यादव, रामकृपाल पासी, शाही ईमाम ईसा खां, दीपू मिश्र, धर्मराज गौतम, अरूण तिवारी आदि रहे।
