चाइनीज मांझा बना काल, बाइक पर जा रही बच्ची की दर्दनाक मौत
January 27, 2026
हैदराबाद के कूकटपल्ली इलाके में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है. यहां एक नन्हीं बच्ची की जान चाइना मांझा (synthetic manja) की वजह से चली गई. यह घटना तब घटी जब बच्ची अपने पिता के साथ बाइक पर सफर कर रही थी और रास्ते में अचानक जानलेवा मांझा उसके गले में फंस गया. अस्पताल ले जाने की कोशिशों के बावजूद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
यह पहली बार नहीं है जब हैदराबाद में चाइनीज मांझे ने किसी की जान ले ली है. त्योहारों के मौसम या साधारण दिनों में भी यह सिंथेटिक या नायलॉन का बना मांझा जानलेवा साबित हो रहा है. हैदराबाद पुलिस और प्रशासन ने कई बार इस पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की घोषणा की है, फिर भी बाजारों में इसकी अवैध बिक्री और उपयोग जारी है. यह मांझा साधारण सूती मांझे की तुलना में कहीं ज्यादा मजबूत और धारदार होता है, जो किसी भी पास से गुजरने वाले व्यक्ति या जानवर के लिए गंभीर खतरा बना रहता है.
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर इस घटना के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है. लोग ऐसे खतरनाक पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. एक छोटी सी लापरवाही किसी परिवार को हमेशा के लिए तोड़कर रख सकती है, इस घटना ने यह सच्चाई फिर से सामने ला दी है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, लेकिन सवाल यह है कि आखिरकार यह खतनाक खेल कब तक जारी रहेगा?
भारत में राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) ने इंसानों और पक्षियों को होने वाले नुकसान को देखते हुए नायलॉन, सिंथेटिक या कांच लेपित किसी भी प्रकार के मांझे के निर्माण, बिक्री, स्टोर करने और इस्तेमाल पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया है.
