पटना में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के बिहार प्रभारी का एनकाउंटर
January 22, 2026
बिहार की राजधानी पटना में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पटना के मसौढ़ी में कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग का एक सदस्य पुलिस के साथ एनकाउंटर में घायल हो गया है। जानकारी के मुताबिक, लॉरेंस बिश्नोई गैंग के बिहार प्रभारी परमानंद यादव के पैर में गोली लगी है। एनकाउंटर में घायल आरोपी परमानंद यादव के ऊपर तीन दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।
अंतर्राष्ट्रीय गिरोह लॉरेंस बिश्नोई गैंग का कुख्यात अपराधी परमानंद यादव बुधवार की देर रात पटना के मसौढ़ी में पुलिस एनकाउंटर में घायल हो गया। परमानंद यादव के पैर में गोली लगी और वह जख्मी हो गया। उसे जख्मी हालत में इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि मसौढ़ी थाना क्षेत्र के एनएच 22 लाला बीघा गांव के नजदीक परमानंद यादव अपने किसी साथी से मिलने अपनी बाइक पल्सर से भाग रहा था। इसी क्रम में मसौढ़ी थाना पुलिस को सूचना मिली कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग का बिहार प्रभारी परमानंद यादव पटना में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए पहुंचा है। पुलिस द्वारा उसे घेरा गया। भागने के क्रम में अपराधी द्वारा पुलिस पर गोली चलाई गई। इसी दौरान पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई में परमानंद यादव पर गोली चलाई। बताया जा रहा है की गोली परमानंद यादव के पैर में लगी और वह घायल हो गया।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार परमानंद मुख्य रूप से लातेहार जिला के चटेर, चंदवा गांव का निवासी है। बताया जा रहा है कि परमानंद यादव पर राजधानी पटना सहित बिहार और झारखंड सहित अलग-अलग जिले में तीन दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।
