बाराबंकी । महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एवं राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित पवार गुट) के वरिष्ठ नेता अजित पवार के आकस्मिक निधन की सूचना से पार्टी कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई। इस दुखद अवसर पर बुधवार को गांधी भवन, बाराबंकी में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया, जहां गमगीन माहौल में दिवंगत नेता को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
शोक सभा का आयोजन एनसीपी अजित पवार गुट के राष्ट्रीय सचिव धनंजय शर्मा की अगुवाई में किया गया। सभा को संबोधित करते हुए धनंजय शर्मा ने कहा कि अजित पवार केवल एक मजबूत और जुझारू नेता ही नहीं थे, बल्कि वे जनसेवा के प्रति समर्पित, संवेदनशील और दूरदर्शी राजनेता थे। उनके असामयिक निधन से पार्टी ही नहीं, बल्कि देश की राजनीति को अपूरणीय क्षति पहुंची है। उनके जाने से कार्यकर्ताओं और समर्थकों को गहरा आघात लगा है।श्रद्धांजलि सभा में जिले के अनेक वरिष्ठ एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से जिला अध्यक्ष एनसीपी सुनील सोनी, विजय सिंह गुड्डू भाई, मृत्युंजय शर्मा (बब्लू भाई), विजय सिंह मुन्ना, अशोक जायसवाल, नीरज दुबे, छोटू शर्मा, श्रीनिवास त्रिपाठी, अनिल वर्मा, सत्यवान वर्मा, सियाराम वर्मा, लम्बू मिस्त्री, विजय कनोजिया, साकेत मौर्य सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।सभा के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान गांधी भवन परिसर शोक, संवेदना और मौन प्रार्थनाओं से गूंज उठा।
