Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

22 लोगों को ले जा रही नाव ब्रह्मपुत्र नदी में भंवर की चपेट में आकर डूबी


असम के बारपेटा जिले से नाव हादसे की एक दिल को दहला देने वाली खबर सामने आई है। मंगलवार को 22 लोगों को ले जा रही एक नाव ब्रह्मपुत्र नदी में डूब गई है। सामने आई जानकारी के मुताबिक, इस हादसे में 4 बच्चों समेत 6 लोगों के लापता होने की बात सामने आई है। ये नाव मशीन संचालित थी और यात्रा के दौरान ब्रह्मपुत्र नदी में कथित तौर पर भंवर की चपेट में आकर डूब गई। आइए जानते हैं पूरा मामला।

बारपेटा में ब्रह्मपुत्र नदी में हुए हादसे को लेकर अधिकारियों ने जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस, SDRF और नागरिक प्रशासन ने स्थानीय लोगों की मदद से बचाव अभियान शुरू किया। दी गई जानकारी के अनुसार, ये हादसा उस वक्त हुआ जब नाव 22 लोगों को लेकर रहमपुर से बोरघुल चर (नदी के वनस्पति द्वीप) जा रही थी। आपको बता दें कि असम में चर इलाका नदियों, खासकर की ब्रह्मपुत्र में कटाव और जमाव के कारण बनने वाले अस्थाई रेतीले द्वीपों को कहा जाता है।

अधिकारी ने जानकारी दी है कि "जब नाव चल रही थी, तभी वह कथित तौर पर एक भंवर की चपेट में आ गई और डूब गई। अधिकांश लोगों को पास की एक नाव द्वारा बचा लिया गया।" चौधरी ने बताया कि छह लोग अब भी लापता हैं, जिनमें से चार बच्चे हैं। उन्होंने कहा, "स्थानीय लोगों ने हमें बताया कि नाव बिना किसी सुरक्षा उपाय के चल रही थी। किसी भी यात्री ने लाइफ जैकेट नहीं पहनी थी।"

अधिकारियों की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, इस हादसे के बाद 6 लोग अब भी लापता हैं।। उन्होंने कहा कि लापता लोगों की पहचान मधु मिया (उम्र 60 साल), सुकुर्जन नेसा (उम्र 45 साल), अमीना परबीन (उम्र 8 साल), राहुल अमीन (उम्र 7 साल), आर्यन इस्लाम (उम्र 4 साल) और जुनुफा यास्मीन (उम्र 5 साल) के रूप में की गई है। अधिकारी के अनुसार नाव के चालक का इलाज चल रहा है। उससे पूछताछ के बाद ही दुर्घटना का सटीक कारण पता चलेगा।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |