शादी के दौरान फायरिंग पड़ी भारी, बारात में शामिल युवक के सिर में लगी गोली
December 08, 2025
देश के विभिन्न हिस्सों में शादी के दौरान हर्ष फायरिंग देखने को मिलते रहती है। कई बार इस कारण लोगों की मौत तक हो जाती है। पुलिस की ओर से लगातार एक्शन के बावजूद भी लोग ये काम नहीं रोक रहे हैं। ऐसी ही एक घटना उत्तर प्रदेश के बरेली से सामने आई है। यहां एक शादी के दौरान कथित तौर पर हर्ष फायरिंग के दौरान बारात में शामिल एक युवक की मौत हो गई है। जानकारी के मुताबिकर, बंदूक से निकली गोली सीधे 23 साल के युवक के सिर में लग गई जिस कारण उसकी मौत हो गई।
दरअसल, हर्ष फायरिंग के दौरान मौत की ये पूरी घटना बरेली के सिराउली थाने के शिवपुरी गांव से सामने आई है। पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, रात में जब बारात बैंक्वेट हॉल के पास में पहुंची तो जश्न में कुछ लोग कथित तौर पर गौलियां चलाने लगे। इसी दौरान एक गोली बारात में शामिल 23 साल के रिजवान नाम के शख्स के सिर में लग गई। इस कारण मौके पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया। पुलिस घायल को इलाज के लिए ले गई। हालांकि, रविवार को देर रात में घायल युवक ने दम तोड़ दिया।
इस घटना को लेकर पुलिस ने जानकारी दी है कि ये हर्ष फायरिंग से जुड़ी घटना है। पुलिस आरोपियों की पहचान और तलाश करने में जुटी हुई है। पुलिस इलाके सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कर रही है। पुलिस ने जानकारी दी है कि इस घटना के बाद भी गंभीर माहौल में शादी की रस्मों को पूरा किया गया। आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश में हर्ष फायरिंग प्रतिबंधित है। हालांकि, कई बार ऐसी घटनाएं सामने आती रहती हैं।
