Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

बंगाल के दिग्गज कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने पीएम मोदी से की मुलाकात


पश्चिम बंगाल से आने वाले कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मंगलवार को मुलाकात की। बंगाल में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर ये मुलाकात काफी खास मानी जा रही है। पीएम मोदी से मुलाकात के दौरान कांग्रेस नेता चौधरी ने खासकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) शासित राज्यों में बांग्ला भाषी लोगों पर हो रहे हमलों का मुद्दा उठाया।

पश्चिम बंगाल में कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष चौधरी ने ऐसे हमलों को रोकने में मदद के लिए प्रधानमंत्री मोदी से हस्तक्षेप करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इससे राज्य में सांप्रदायिक तनाव और हिंसा होने की आशंका है।

अधीर रंजन चौधरी ने पीएम मोदी को लिखे पत्र में कहा, ‘उनका एकमात्र अपराध यह है कि वे बांग्ला भाषा में बात करते हैं जिसके कारण संबंधित प्रशासन अक्सर उन्हें पड़ोसी बांग्लादेश के लोग समझ लेता है और उन्हें घुसपैठिया मानकर उनसे उसी प्रकार व्यवहार करता है।’

उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में मुस्लिम आबादी बहुसंख्यक है। इस राज्य की सीमा बांग्लादेश से लगती है तथा देश के अन्य हिस्सों में ऐसे हमलों के कारण इन इलाकों में समुदायों के बीच सांप्रदायिक तनाव बढ़ रहा है। कांग्रेस नेता ने पीएम मोदी से आग्रह किया कि वे भेदभाव, हिंसा और देश के अन्य हिस्सों से आए प्रवासी मजदूरों के उत्पीड़न के खिलाफ सभी राज्य सरकारों को संवेदनशील बनाएं।

बता दें कि पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के 30 वर्षीय प्रवासी मजदूर ज्वेल राणा की ओडिशा के संबलपुर में ‘बीड़ी’ को लेकर हुए विवाद के बाद बुधवार को हत्या कर दी गई। मुंबई में भी दो प्रवासी मजदूरों को बांग्लादेश से आए अवैध प्रवासी होने के संदेह में गिरफ्तार किया गया। पश्चिम बंगाल प्रवासी कल्याण बोर्ड ने कहा है कि उसे 10 महीनों में, खासकर भाजपा शासित राज्यों में, उत्पीड़न से संबंधित 1143 शिकायतें मिली हैं।




Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |