वंदे मातरम् पर चर्चा को लेकर बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय के परपोते का बयान! मेरे दादाजी के लिए किसी ने कुछ नहीं किया
December 08, 2025
संसद में वंदे मातरम् को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष में बहस जारी है। सोमवार को लोकसभा में पीएम मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई नेताओं ने अपना पक्ष रखा। इस दौरान वंदे मातरम् के रचयिता बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय की भी चर्चा हुई। अब इस पूरे मुद्दे पर बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय के परपोते सजल चट्टोपाध्याय का बयान भी सामने आया है। उन्होंने कहा है कि मेरे दादाजी के लिए अब तक किसी ने कुछ नहीं किया है।
वंदे मातरम् पर चर्चा को लेकर बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय के परपोते सजल चट्टोपाध्याय ने कहा- "यह बहुत पहले हो जाना चाहिए था। वंदे मातरम को राष्ट्रीय मंत्र माना जाता है। मेरे दादाजी के लिए अब तक किसी ने कुछ नहीं किया। ऐसे समय में जब अगली पीढ़ी इसे (वंदे मातरम) भूल रही है, पीएम मोदी जी ने जो किया है वह अच्छा है। मुझे गर्व है। सीएम ममता बनर्जी ने अभी तक कुछ नहीं किया है, उन्हें यह पहले ही करना चाहिए था। अगर कोई दिल्ली से आता है, अमित शाह, या कोई भी, वे हमारे बारे में पूछते हैं। वे हमें व्यक्तिगत रूप से बुलाते हैं। हम राजनीतिक लोग नहीं हैं। हम केवल सच बोलते हैं। सीएम मैडम ने हमें अभी तक आमंत्रित नहीं किया है। बंकिम बाबू ने जो लिखा, उसमें सभी हिंदू देवी-देवताओं के नाम शामिल हैं, इसलिए उस पर प्रतिबंध लगा दिया गया। जिस तरह से बंकिम बाबू की उपेक्षा की गई, उसी प्रकार उनके परिवार की भी उपेक्षा की जा रही है।"
