मिर्जापुर: भारतीय सब्जी अनुसन्धान संस्थान में हिंदी कार्यशाला का आयोजन! राजभाषा हिंदी में सुगमतापूर्वक कार्य को बढ़ावा देने हेतु कार्यशाला का आयोजन
December 15, 2025
चुनार/मिर्जापुर। भारतीय सब्जी अनुसन्धान संस्थान में सोमवार को हिंदी साहित्य का विकास एवं लेखन सरलीकरण के विषय पर राजभाषा कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का आयोजन संस्थान की राजभाषा कार्यान्वयन समिति द्वारा किया गया। कार्यशाला का उद्घाटन करते हुए संस्थान के निदेशक एवं राजभाषा कार्यान्वयन समिति के अध्यक्ष डॉ राजेश कुमार ने हिंदी साहित्य के विकास का वर्णन किया तथा प्रशासनिक कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग पर बल दिया। उन्होंने बताया कि राजभाषा कार्यशाला का हिंदी कामकाज में अत्यंत महत्त्व है,क्योंकि यह वैज्ञानिकों,अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राजभाषा नीति, नियमों और प्रावधानों की व्यावहारिक जानकारी प्रदान करती है। ऐसी कार्यशालाओं के माध्यम से हिंदी में शासकीय पत्राचार,टिप्पण,मसौदा लेखन तथा सूचना प्रेषण की दक्षता विकसित होती है,जिससे कार्यालयीन कार्य सरल, स्पष्ट और प्रभावी बनता है। साथ ही, कार्यशालाएँ हिंदी के प्रयोग के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करती हैं और राजभाषा के अधिकाधिक उपयोग को प्रोत्साहित कर संवैधानिक दायित्वों की पूर्ति में सहायक सिद्ध होती हैं। साथ ही उन्होंने कृषि साहित्यों को हिंदी में प्रकाशित करने के संस्थान के अभिनव प्रयासों की जानकारी दी। डॉ अनंत बहादुर, प्रधान वैज्ञानिक, फसल उत्पादन ने स्वागत संबोधन करते हुए हिंदी साहित्य की विकास यात्रा का रोचक यात्रा का विस्तार से वर्णन किया। प्रधान वैज्ञानिक डॉ हरे कृष्ण ने हिंदी में सुगमता से कार्य करने हेतु विभिन्न प्रकार के सॉफ्टवेर टूल्स एवं तकनीकों के बारे में जानकारी दी। मुख्य तकनिकी अधिकारी डॉ रामेश्वर सिंह ने कार्यशाला आयोजन के महत्व एवं राजभाषा अधिनियमों की जानकारी दी। इस अवसर पर एक प्रतियोगिता का भी आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किया गया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ इन्दीवर प्रसाद ने किया तथा प्रधान वैज्ञानिक डॉ गोविन्द पाल ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
