सिरौलीगौसपुर/बाराबंकी। समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत सिरौलीगौसपुर विकास खंड में मंगलवार को ब्लॉक स्तरीय “हमारा आंगनदृहमारे बच्चे” उत्सव का भावपूर्ण और प्रेरणादायी आयोजन सुंदर लाल महाविद्यालय, औरेला में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व विधायक शरद कुमार अवस्थी, विशिष्ट अतिथि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार पाठक एवं खंड शिक्षा अधिकारी फिजा मिर्जा ने माँ सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर किया।कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना और स्वागत गीत ने पूरे माहौल को संवेदनशील और उत्साह से भर दिया। इस अवसर पर निपुण बच्चों और उनके अभिभावकों को सम्मानित किया गया, जिससे बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
मुख्य अतिथि शरद कुमार अवस्थी ने कहा कि प्रारंभिक शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव है, वहीं बीएसए नवीन कुमार पाठक ने इसे बुनियादी साक्षरता लक्ष्यों की दिशा में सार्थक पहल बताया। खंड शिक्षा अधिकारी फिजा मिर्जा ने आंगनबाड़ी से प्राथमिक शिक्षा तक निरंतरता को कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बताया।
कार्यक्रम में उत्कृष्ट शिक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और निपुण बच्चों को प्रशस्ति पत्र व आर्ट किट देकर सम्मानित किया गया। बड़ी संख्या में अभिभावकों की सहभागिता ने आयोजन को और भी सार्थक बना दिया।
