मथुरा में कोहरे के चलते यमुना एक्सप्रेस पर सात बसें और दो कारें आपस में टकरा गईं। टक्कर के बाद 5 बसों और दो कारों में आग लग गई। मथुरा के जिला अधिकारी सीपी सिंह ने 13 लोगों के मरने की पुष्टि की है। डीएम ने कहा कि तीन मृतकों की पहचान हुई है। बाकी अन्य दस मृतकों का डीएनए टेस्ट कराया जाएगा। हादसे में करीब 60 लोग घायल बताए जा रहे हैं। मथुरा पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
डीएम ने बताया कि सीएम योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लिया है। उन्होंने हमें और एसएसपी को घायलों को हर संभव मदद करने का आदेश दिया है। वहीं, एक चश्मदीद ने बताया कि 20 एंबुलेंस से करीब150 लोगों को अस्पताल भेजा गया है। ये हादसा मंगलवार सुबह 4:00 बजे थाना बलदेव थाना क्षेत्र में माल स्टोन 127 पर हुआ है। डीएम और एसपी सहित अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। पुलिस, फायर ब्रिगेड और एसडीआरएफ के लोग आग बुझाने और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में लगे हुए हैं।
एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि कई गाड़ियां आपस में टकराईं तो ऐसा लगा जैसे गोली चली हो। तेज धमाके हुए। पूरा गांव आनन-फानन में यहां पहुंच गया। सभी लोगों ने तत्काल मदद की। एंबुलेंस के कर्मचारी अमित कुमार ने बताया कि कितने लोग हताहत हुए हैं, इसकी गिनती अभी नहीं की जा सकती।
स्थानीय लोगों ने बसों में आग लगने से कई यात्रियों के झुलसकर मरने की आशंका जताई है। एक्सीडेंट के जो वीडियो सामने आए हैं उसे देखकर ऐसा लग रहा है कि जानमाल को भारी नुकसान हुआ है। इस हादसे में कई लोगों की जान जा सकती है। हालांकि आधिकारिक तौर पर चार लोगों के मरने की पुष्टि हुई है।
