बाराबंकी: अन्तरजनपदीय चोरी गिरोह के 5 शातिर गिरफ्तार! स्वाट व जहाँगीराबाद पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
December 14, 2025
बाराबंकी । स्वाट टीम व थाना जहाँगीराबाद पुलिस ने रविवार को चोरी गिरोह के 5 शातिर चोरों को धर दबोचा। एएसपी उत्तरी विकास चन्द्र त्रिपाठी के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी नगर संगम कुमार के पर्यवेक्षण में रविवार को संयुक्त पुलिस टीम ने अन्तरजनपदीय चोरी गिरोह के पांच शातिर अभियुक्तों मनोज कुमार पुत्र स्व. विद्याप्रसाद निवासी ग्राम अटवा थाना जहाँगीराबाद जनपद बाराबंकी, नीलू पुत्र विक्रम निवासी लखनापुर थाना महमूदाबाद जनपद सीतापुर, दयाराम पुत्र स्व. पाटन निवासी अटहरा थाना घुंघेटर जनपद बाराबंकी, उमेश उर्फ अभिषेक पुत्र प्यारेलाल निवासी अटहरा थाना घुंघटेर जनपद बाराबंकी तथा रविन्द्र पुत्र बदलू निवासी ग्राम जाफरपुर थाना महमूदाबाद जनपद सीतापुर को मुनीमाबाद शराब ठेका के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे व निशानदेही से सोने-चांदी के जेवरात, पीतल के बर्तन, 29 हजार रुपये नकद, दो अवैध तमंचे 12 बोर तीन जिंदा कारतूस, व घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल तथा एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया है। मनोज कुमार व दयाराम के विरुद्ध अवैध तमंचा बरामद होने पर थाना जहाँगीराबाद में आर्म्स एक्ट के तहत अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए । पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे एक संगठित अन्तरजनपदीय गिरोह बनाकर दिन में सुनसान व ताला लगे मकानों की रेकी करते थे और रात में चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। अभियुक्तों द्वारा थाना जहाँगीराबाद क्षेत्र के ग्राम फैजुल्लागंज, बल्लापुरवा मजरे अजगना, इल्मासगंज सहित थाना फतेहपुर व मोहम्मदपुर खाला क्षेत्रों में कई चोरी की वारदातें की गई थीं, जिनके संबंध में पहले से मुकदमे पंजीकृत हैं। इस सफल कार्रवाई में थाना जहाँगीराबाद पुलिस से थानाध्यक्ष दुर्गा प्रसाद शुक्ल, वरिष्ठ उपनिरीक्षक शिव सिंह, उपनिरीक्षक अरुण कुमार, राजेश पाल, अमरेश कुमार, सुनील निषाद, मानेन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल सैय्यद आवेश मेहदी, चन्द्रेश कुमार, अनुरूप कुमार, अखिलेश चैधरी, अंकेश कुमार एवं कांस्टेबल दिनेश सिंह सागर तथा स्वाट टीम से उपनिरीक्षक अभिमन्यु सिंह, हेड कांस्टेबल मुकेश यादव और कांस्टेबल अंकित तोमर, अभय कुमार व अभिषेक राजवंशी शामिल रहे। पुलिस ने सभी अभियुक्तों को न्यायालय में प्रस्तुत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
