जान बचाने गए सिपाही पर ही टूट पड़े लोग, की मारपीट
November 22, 2025
शहर के हनुमंत विहार थाना क्षेत्र स्थित दासूकुआं चौराहे पर शुक्रवार की शाम दिल दहला देने वाला मंजर देखने को मिला। यहां ड्यूटी पर तैनात एक ट्रैफिक सिपाही को इंसानियत दिखाना इतना महंगा पड़ गया कि उसकी जान पर बन आई। जानकारी के अनुसार रेलबाजार ट्रैफिक पुलिस लाइंस में तैनात सिपाही सूरज कुमार नौबस्ता इलाके के पास स्थित दासूकुआं चौराहे पर यातायात की ड्यूटी संभाल रहे थे। इसी दौरान अगरबत्ती बेचने वाला एक युवक नशे में पूरी तरह बेहोश होकर बीच सड़क पर जा गिरा। युवक को बचाने के लिए सिपाही सूरज कुमार दौड़े। इसी बीच किसी ने अफवाह फैला दी कि पुलिस वाला गरीब नशेड़ी को पीट रहा है!
देखते ही देखते मौके पर भीड़ इकट्ठा हो गई और वहां मौजूद लोगों ने सिपाही को घेर लिया गया। इसके बाद लोगों ने सिपाही पर थप्पड़, मुक्के, लात-घूंसे और गालियों की बौछार शुरू कर दी। चौंकाने वाली बात यह थी कि जिस नशेड़ी को “बचाने” की बात हो रही थी, वह भी अचानक उठा और सिपाही पर टूट पड़ा। घटना की जानकारी मिलने के बाद मारपीट करने वाले छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों की पहचान संतोष शुक्ला, स्वाती शुक्ला (संतोष शुक्ला की बेटी), अन्नपूर्णा पांडेय (संतोष शुक्ला की साली), दीप्ति पांडेय (अन्नपूर्णा पांडेय की बेटी), अशोक कुमार गुप्ता और नशे में धुत अगरबत्ती बेचने वाला युवक (अभी नाम पता नहीं चला) के रूप में हुई है।
सिपाही सूरज कुमार ने किसी तरह जान बचाकर अन्य पुलिसकर्मियों को सूचना दी। मौके पर पहुंची हनुमंत विहार थाने की पुलिस ने तुरंत सभी छह आरोपियों को दबोच लिया। घायल सिपाही को तत्काल मेडिकल के लिए भेजा गया। सिपाही की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ BNS की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। साथ ही सभी के खिलाफ शांति भंग की आशंका में चालान भी किया गया।
हनुमंत विहार थाना प्रभारी राजीव सिंह ने बताया, “पूरी घटना चौराहे पर लगे CCTV में साफ-साफ कैद हो गई है। बिना कुछ जाने-पहचाने अफवाह पर कानून अपने हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।” घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग इसे देखकर हैरान हैं कि महज एक अफवाह ने कैसे एक कर्तव्यनिष्ठ पुलिसकर्मी को निशाना बना दिया। फ़िलहाल पुलिस टीम द्वारा अफवाह फैलाने वालों की भी तलाश की जा रही है।
