जगदीशपुरः एसआईआर अभियान ! डीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण
November 21, 2025
जगदीशपुर/अमेठी। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद में मतदाता सूची को स्वच्छ, अद्यतन एवं पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत 4 नवम्बर से बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र उपलब्ध कराया जा रहा है, साथ ही मतदाताओं द्वारा भरे गए प्रपत्रों को प्राप्त कर शीघ्र डिजिटलाइजेशन की प्रक्रिया भी की जा रही है। अभियान की प्रगति की समीक्षा के उद्देश्य से आज जिला निर्वाचन अधिकारी जिलाधिकारी संजय चैहान ने विधानसभा जगदीशपुर अंतर्गत ग्राम सभा टाड़ा में एसआईआर कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं बीएलओ से ग्राम सभा में कुल मतदाताओं की संख्या, गणना प्रपत्र वितरण की वर्तमान स्थिति, मतदाताओं से प्राप्त प्रपत्रों की उपलब्धता, डिजिटलाइजेशन की प्रगति के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। जिलाधिकारी ने बीएलओ को निर्देशित किया कि अधिक से अधिक संख्या में गणना प्रपत्र शीघ्र प्राप्त कर उनका डिजिटलाइजेशन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि जहां अब तक गणना प्रपत्र नहीं पहुंचे हैं, उन घरों में तत्काल पहुंचाए जाएं, और प्रपत्र भरवाकर पुनः प्राप्त करने की प्रक्रिया में किसी प्रकार की देरी न की जाए। जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि मतदाता सूची अद्यतन लोकतांत्रिक व्यवस्था का मौलिक आधार है। सभी पात्र नागरिक गणना प्रपत्र को भरकर बीएलओ को अवश्य वापस करें, ताकि उनका नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित रूप से दर्ज हो सके।
