गौरीगंज: अंकित का एक और हमलावर गिरफ्तार
November 13, 2025
गौरीगंज/अमेठी। जनपद के थाना गौरीगंज पुलिस ने पूर्व मे हुए अंकित सिंह के एक और हमलावर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आपको बता दे कि बीते 4 दिसम्बर को विमलेश सिंह पुत्र अंकित सिंह पर जानलेवा हमला हुआ था। पुलिस अधीक्षक श्रीमती अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में एवं अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में जनपद अमेठी में अपराध एवं अपराधियों की धरपकड़ हेतु चलाये जा रहे अभियान के तहत गौरीगंज पुलिस द्वारा मुखबिर की सूचना पर अभियुक्त इमरान पुत्र हाजी मकबूल निवासी ग्राम पूरे हसन मजरे हरिकरनपुर थाना जामो जनपद अमेठी उम्र 35 वर्ष को गिरफ्तार किया गया । प्रभारी निरीक्षक श्याम नारायण पाण्डेय ने बताया कि अभियुक्त के थार वाहन की तलाशी से 01 तमंचा 01 जिंदा कारतूस 315 बोर बरामद हुआ है। गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ व जांच से ज्ञात हुआ कि मो0 इस्लाम के पुत्र जीशान की मृत्यु का बदला लेने के लिये इमरान द्वारा आपराधिक षड़यंत्र करके एक सुनियोजित योजना के तहत घटना कारित कराई गई थी । पूर्व में गिरफ्तार मुख्य साजिशकर्ता मो0 इस्लाम द्वारा दिये गये रुपये को इमरान द्वारा घटना में शामिल अपने अन्य साथियों तक पहुंचाया गया था । घटना में प्रयुक्त तमंचा व कारतूस इमरान द्वारा अपने साथी उदय सिंह को उपलब्ध कराया गया था । घटना के उपरान्त अभियुक्त उदय सिंह व उसके साथियों द्वारा भागते समय घटना में प्रयुक्त तमंचा व कारतूस इमरान को वापस कर दिया गया था जिसे थार वाहन से बरामद किया गया ।
