अस्पताल में मरीज के बैग से अचानक निकल आया सांप, फैली अफरा-तफरी
November 25, 2025
महाराष्ट्र के ठाणे में मंगलवार को एक बड़ी ही हैरान कर देने वाली घटना सामने आई। ठाणे सिविल अस्पताल के महिला वार्ड में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक मरीज के बैग से अचानक एक सांप बाहर निकल आया। मरीजों और स्टाफ में अफरा-तफरी फैल गई। बाद में पता चला कि यह सांप एक 19 साल के युवक द्वारा लाया गया था, जिसे सांप पकड़ने का शौक था। सांप के कारण लोगों के मन में भय का माहौल हो गया। आइए जानते हैं इस पूरी घटना के बारे में।
जानकारी के मुताबिक, ठाणे का रहने वाला 19 वर्षीय ओमकार राठौड़ को पानी के पास खेलते हुए एक बिना जहर वाला धामन सांप दिखाई दिया। अपने अनुभव के भरोसे उसने सांप को उठा लिया। खेल-खेल में सांप ने उसके हाथ पर काट लिया। इसके बाद ओमकार सांप को लेकर सीधे ठाणे सिविल अस्पताल पहुंच गया। डॉक्टरों ने उसकी जांच की, लेकिन ओमकार ने सांप को छोड़ने से इनकार कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, ओमकार ने सांप को एक बैग में डालकर महिला वार्ड में रख दिया। कुछ ही मिनटों में सांप बैग से निकलकर वार्ड में घूमने लगा। बिस्तरों, सलाइन्स स्टैंड और मरीजों के नीचे से होते हुए वह पूरे वार्ड में सरकता रहा। डरी–सहमी महिलाएं समझ नहीं पा रही थीं कि वे बिस्तर से कूदें, भागें या सलाइन्स हाथ में लेकर खड़ी रहें। कुछ लोग कुर्सियों पर चढ़ गए, स्टाफ दूरी बनाए रखने की कोशिश करता रहा।
चीख-पुकार सुनकर ओमकार वापस वार्ड में आया और उसने नंगे हाथों से सांप को पकड़ लिया। इसके बाद अस्पताल ने एक स्नेक रेस्क्यू टीम को बुलाया, जिसने पुष्टि की कि सांप बिना जहर का धामन है। इसके बाद सांप को सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया।
ठाणे सिविल के सिविल सर्जन डॉ कैलाश पवार ने बताया- "हमने लड़के का इलाज किया, लेकिन उसकी लापरवाही से सांप बाहर निकल गया। सौभाग्य से सांप जहरीला नहीं था, इसलिए किसी को नुकसान नहीं हुआ। लेकिन अस्पताल में साप लाना बेहद असुरक्षित है।" अस्पताल प्रशासन ने इस घटना को गंभीरता से लिया है, और युवक की लापरवाही पर कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल स्थिति सामान्य है और सांप को उसके प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ दिया गया है।
